भारत और श्रीलंका के बीच पाँच वनडे मैचों की क्रिकेट सिरीज़ का तीसरा मैच बुधवार को कोलंबो में खेला जा रहा है.
भारत एक और वनडे जीत कर सिरीज़ में बढ़त बनाने की कोशिश करेगा. अभी दोनों टीमों ने एक एक मैच जीता है.
गौतम गंभीर की वापसी से भारतीय बल्लेबाज़ी क्रम मज़बूत होने की उम्मीद है.
ख़ुद भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने कहा है कि सिरीज़ में अच्छी शुरुआत देने का सारा दारोमदार गंभीर पर है.
दाम्बुला की तेज़ पिच के विपरीत प्रेमदासा स्टेडियम पर होने वाले दिन-रात के इस मैच में बड़े स्कोर की उम्मीद की जा रही है.
हालाँकि विपक्षी कप्तान माहेला जयवर्धने पिछली हार से सबक लेते हुए अपनी ही धरती पर ज़ोरदार वापसी की कोशिश करेंगे.
लेकिन धोनी को भरोसा है कि युवा खिलाड़ियों की मदद से वो श्रीलंका को हराने में सफल होंगे.
धोनी का मानना है, '' श्रीलंका क्रिकेट खेलने के लिए सबसे मुश्किल स्थानों में से एक है, क्योंकि धीमे और कम उछाल वाले विकेट पर आप अधिक रन नहीं बना सकते हैं.''
भारत को युवराज सिंह, गौतम गंभीर और धोनी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है.