बुधवार, 20 अगस्त, 2008 को 11:45 GMT तक के समाचार
ओलंपिक में भारत की एक और पदक की उम्मीद आज उस समय टूट गई जब मुक्केबाज़ जितेंदर कुमार अपना क्वार्टर फ़ाइनल मैच हार गए.
51 किलोग्राम वर्ग में रुस के जॉर्जी बैलिक्शिन के साथ एक कड़े मुकाबले में जितेंदर 15-11 से मुकाबला हार गए.
अगर जितेंदर यह मैच जीत जाते तो उनके लिए कम से कम कांस्य पदक तय हो जाता.
मैच शुरु हुआ तो जितेंदर ने अच्छा खेल दिखाया और पहले राउंड में बैलिक्शिन ने दो अंक अर्जित किए जबकि जितेंदर ने एक.
दूसरे दौर में भी जितेंदर ने कड़ा मुकाबला किया जिसमें दोनों ही मुक्केबाज़ों ने पांच पांच अंक अर्जित किए.
तीसरे राउंड में रुसी मुक्केबाज़ ने रिफ्लेक्शन में ताबड़तोड़ मुक्के जड़कर छह अंक जमा किए जबकि जितेंदर मात्र दो अंक जुटा पाए.
अंतिम राउंड में दोनों ही मुक्केबाज़ों ने नौ नौ अंक अर्जित किए लेकिन अंतिम तालिका में बैलिक्शिन ने जितेंदर के 11 अंकों के मुकाबले 15 अंक लेकर जीत दर्ज कर ली.
इससे पहले भारत के मुक्केबाज़ अखिल कुमार भी कल क्वार्टर फाइनल में हार कर बाहर हो गए थे.
अब मुक्केबाज़ी में भारत की अंतिम उम्मीद बची है विजेंदर कुमार से जिनका क्वार्टर फाइनल मुकाबला आज ही होना है.