http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 11 अगस्त, 2008 को 08:35 GMT तक के समाचार

साइना नेहवाल क्वार्टरफ़ाइनल में पहुँची

साइना नेहवाल ने बैडमिंटन में ओलंपिक पदक की भारतीय उम्मीदों को आगे बढ़ाते हुए दुनिया की नंबर चार खिलाड़ी को हराकर क्वार्टरफ़ाइनल में जगह बना ली है.

जिस समय अभिनव बिंद्रा निशानेबाज़ी में स्वर्ण पदक हासिल करने के रास्ते पर थे उसी समय साइना हांगकांग की चेन वांग से जूझ रही थीं.

रैंकिंग अपने से कहीं ऊपर की चेन वांग के साथ मुक़ाबले में साइना उत्साह से भरी नज़र आईं और अपने प्रतिद्वंद्वी को 21-19, 11-21, 21-11 से हरा दिया.

पहले दो आसान मुकाबलों के बाद साइना को विश्व की चौथे नंबर की खिलाड़ी वांग को हराने में काफी पसीना बहाना पड़ा.

पहले गेम में 19 अंकों तक मुकाबला बराबरी का था जब साइना ने अपनी रफ़्तार तेज़ करते हुए लगातार दो अंक लेकर गेम अपने नाम किया.

वांग ने दूसरे गेम में इस 18 वर्षीय प्रतिद्वंद्वी की एकाग्रता भंग होने का पूरा फायदा उठाकर बराबरी कर ली.

लेकिन निर्णायक गेम में साइना ने शानदार वापसी करते हुए 6-0 की बढ़त बना ली.

इसके बाद से उन्होंने मुड़कर नहीं देखा और कुछ दर्शनीय शॉट लगाकर अंतिम आठ में जगह पक्की कर ली.

साइना नेहवाल ने प्री क्वार्टरफ़ाइनल में यूक्रेन की लैरिस ग्रिगा को हराया था.