गुरुवार, 07 अगस्त, 2008 को 02:26 GMT तक के समाचार
भारतीय क्रिकेट चयनकर्ताओं ने श्रीलंका के ख़िलाफ़ सिरीज के लिए भारतीय वनडे टीम की घोषणा कर दी है.
थकान के कारण ख़ुद को श्रीलंका के ख़िलाफ़ मौजूदा टेस्ट सिरीज़ से अलग करने वाले महेंद्रसिंह धोनी वनडे टीम की कमान संभालेंगे और उपकप्तान की ज़िम्मेदारी युवराज सिंह को सौंपी गई है.
भारतीय क्रिकेट बोर्ड के सचिव निरंजन शाह ने मुंबई में बैठक के बाद बताया कि टीम के लिए 16 खिलाड़ियों का चयन किया गया है.
टीम में सचिन तेंदुलकर, ज़हीर ख़ान और हरभजन सिंह की वापसी हुई है.
इनके अलावा गौतम गंभीर, वीरेंदर सहवाग, सुरेश रैना और रोहित शर्मा और विराट कोहली, पार्थिव पटेल को टीम में स्थान दिया गया है लेकिन ईशांत शर्मा को टीम में शामिल नहीं किया गया है.
बीसीसीआई के सचिव निरंजन शाह का कहना था कि ईशांत शर्मा को आराम दिया गया है. साथ ही श्रीसंत को भी टीम में जगह नहीं दी गई है.
वनडे सिरीज़ 18 अगस्त से श्रीलंका के दांबुला में शुरू होगी. इसी मैदान पर 20 अगस्त को दूसरा मैच भी खेला जाएगा.
ये दोनों मैच दिन में खेले जाएंगे जबकि अंतिम तीन मैच रात दिन के होंगे.
ये तीनों मैच कोलंबो में प्रेमदासा स्टेडियम में 24, 26 और 29 अगस्त को खेले जाएंगे.
टीम
महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), युवराज सिंह (उपकप्तान), वीरेंदर सहवाग, गौतम गंभीर, सचिन तेंदुलकर, सुरेश रैना, रोहित शर्मा, हरभजन सिंह, प्रज्ञान ओझा, ज़हीर ख़ान, आरपी सिंह, प्रवीण कुमार, इरफ़ान पठान, विराट कोहली, मुनाफ़ पटेल और पार्थिव पटेल.
चयनकर्ताओं ने चैंपियंस ट्रॉफ़ी के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है. इसमें ईशांत शर्मा को शामिल किया गया है.