http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 07 अगस्त, 2008 को 04:26 GMT तक के समाचार

ओलंपिक से पहले चीन की आलोचना

बीजिंग ओलंपिक खेलों की शुरुआत से पहले अपने भाषण में अमरीकी राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने चीन की मानवाधिकार रिकॉर्ड को लेकर आलोचना की है.

थाइलैंड की राजधानी बैंकॉक में दिए अपने भाषण में उन्होंने कहा कि वो चीनी नेतृत्व का विरोध नहीं कर रहे हैं लेकिन वो चाहते हैं कि चीन अपने लोगों को पूर्ण स्वतंत्रता दे.

राष्ट्रपति बुश का कहना था,'' अमरीका मानता है कि चीन के लोग को मूलभूत स्वतंत्रता यानि मानवाधिकारों का नैसर्गिक अधिकार है.''

उनका कहना था,'' अमरीका चीन के राजनीतिक विरोधियों, मानवाधिकार और धार्मिक कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिए जाने का कड़ा विरोध करता है.''

लेकिन दूसरी ओर उन्होंने चीन के आर्थिक सुधार और अर्थव्यवस्था की तारीफ़ की.

राष्ट्रपति बुश का कहना था कि वो चीन के भविष्य को लेकर आश्वस्त हैं और वो मानते हैं कि वहाँ अपने आप बदलाव आएँगे.

आलोचना

बीबीसी संवाददाता का कहना है कि ओलंपिक खेलों की शुरुआत से पहले राष्ट्रपति बुश की इस आलोचना से चीन का नाराज़ होना स्वाभाविक है.

बैंकॉक में अपने इस भाषण के बाद वो बीजिंग के लिए रवाना हो रहे हैं.

ग़ौरतलब है कि राष्ट्रपति बुश के बीजिंग ओलंपिक खेलों के कार्यक्रम में जाने की कई मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने आलोचना की है.

चीन में मानवाधिकार की हालत और तिब्बत को लेकर उसकी नीति के विरोध में मशाल यात्रा के विश्व भ्रमण के दौरान कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन हुए थे.

लंदन, पेरिस और सैन फ़्रांसिस्को में तो मशाल यात्रा कार्यक्रम के दौरान भारी बाधा पहुँचाई थी.

चीन ने आठ अगस्त से शुरू हो रहे ओलंपिक की भारी तैयारी की है. ग़ौरतलब है कि शुक्रवार को बीजिंग ओलंपिक का उदघाटन हो रहा है.