सोमवार, 04 अगस्त, 2008 को 06:50 GMT तक के समाचार
अपनी फॉर्म को वापस पाने के बाद हरभजन सिंह का कहना है कि वो दूसरे टेस्ट में बेहतरीन प्रदर्शन करने के बाद राहत महसूस कर रहे हैं.
श्रीलंका में दूसरे टेस्ट के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि वो हाल के विवादों से उबर गए हैं.
श्रीलंका के ख़िलाफ़ दूसरे टेस्ट में हरभजन ने 170 रन देकर 10 विकेट हासिल किए थे. हरभजन मैच में अपने प्रदर्शन से काफ़ी खुश हैं.
उनका कहना था,'' विवादों से उबरना संतोषजनक है. मैं काफ़ी खुश हूँ और अब मैं देश के लिए ज्यादा से ज्यादा विकेट लेना चाहता हूँ.''
हरभजन सिडनी में नस्लवादी टिप्पणी के विवाद में फंस गए थे.
ये मामला शांत भी नहीं हुआ था कि वो इंडियन प्रीमियर लीग में श्रीशांत को थप्पड़ मारने के विवाद में फंस गए थे.
इस मामले में उन पर पांच वन डे मैचों का प्रतिबंध लगा दिया गया था.
श्रीलंका के ख़िलाफ़ इस टेस्ट के प्रदर्शन के बाद हरभजन का कहना है कि धैर्य का आख़िरकार फल मिल गया है.
उनका कहना था, '' मैंने इस टेस्ट में कोलंबो के मुक़ाबले ज्यादा धैर्य से काम लिया.''
उनका कहना था,'' मैंने यहां पर खुद ही कुछ अलग करने की कोशिश की. मैदान में चल रही हवा का फायदा उठाने के लिए मैंने थोड़ी तेज़ गेंद करने का फ़ैसला किया. इससे मुझे गेंद को ड्रिफ्ट कराने में मदद मिली.''