http://www.bbcchindi.com

रविवार, 03 अगस्त, 2008 को 12:21 GMT तक के समाचार

वॉन और कॉलिंगवुड ने कप्तानी छोड़ी

माइकल वॉन ने इंग्लैंड की टेस्ट टीम की कप्तानी छोड़ दी है. दक्षिण अफ़्रीका के हाथों एजबेस्टन टेस्ट में मिली करारी हार के बाद वॉन ने अपने इस्तीफ़े की घोषणा की है.

माइकल वॉन के इस्तीफ़ा देने के कुछ मिनट बाद ही पॉल कॉलिंगवुड ने वनडे टीम की कप्तानी छोड़ने की घोषणा कर दी.

शनिवार को एजबेस्टन टेस्ट के चौथे दिन ही दक्षिण अफ़्रीका ने इंग्लैंड को हराकर चार टेस्ट मैचों की सिरीज़ 2-0 से जीत ली थी. अभी एक टेस्ट होना बाक़ी है.

माइकल वॉन पिछले पाँच साल से इंग्लैंड की कप्तानी कर रहे थे. हालाँकि वनडे टीम की कप्तानी उनसे पहले ही छीन ली गई थी और अब तो वे वनडे टीम का भी हिस्सा नहीं हैं.

दबाव

इंग्लैंड की टीम की हार के अलावा कप्तान माइकल वॉन अपने ख़ुद के प्रदर्शन के कारण भी दबाव में थे. वे रन नहीं बना पा रहे थे और दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ टेस्ट सिरीज़ में तो उनका बल्ला बोल ही नहीं पाया.

दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ सिरीज़ में उनका औसत अभी तक आठ रहा है. पाँच पारियों में उन्होंने सिर्फ़ 40 रन ही बनाए हैं.

वॉन ने कुछ यूँ कप्तानी छोड़ने की घोषणा की- मैं इंग्लैंड की कप्तानी छोड़ रहा हूँ. यह मेरे लिए काफ़ी कठिन फ़ैसला था. मैंने पाँच साल जिस नौकरी से प्यार किया अब उसे मैं छोड़ रहा हूँ. मैंने अपना काम ईमानदारी से किया.

कप्तानी छोड़ने की घोषणा करते समय माइकल वॉन भावुक हो गए और उन्होंने अपने परिवारवालों का धन्यवाद दिया.

वॉन ने कहा, "मैं अपने परिवार वालों को धन्यवाद देना चाहता हूँ. उन्होंने हमेशा मेरा समर्थन किया. मैं जानता हूँ कि मेरे माँ-बाप मुझ पर गर्व करते हैं. उन्होंने "