मंगलवार, 29 जुलाई, 2008 को 15:02 GMT तक के समाचार
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने शारजाह में इंग्लैंड की तरफ़ से आयोजित होने वाली चैम्पियंस लीग में हिस्सा लेने से मना कर दिया है.
बीसीसीआई के उपाध्यक्ष ललित मोदी ने ये बात इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड के मुख्य कार्यकारी को बता दी है. बोर्ड ने बीसीसीसाई को न्यौता भेजा था.
इंग्लैंड अक्तूबर में ट्वेन्टी-20 चैम्पियंस लीग करवा रहा है. ट्वेन्टी-20 चैम्पियंस लीग को लेकर भारत और इंग्लैंड के क्रिकेट बोर्ड में तनातनी चल रही है.
एक दिन पहले ही बीसीसीआई ने कहा था कि वो भारत में अपनी चैम्पियंस लीग करवाएगा और अगर इंग्लैंड उसकी शर्तें नहीं मानता तो उसे प्रतियोगिता से बाहर रखा जाएगा.
और अब सोमवार को बीसीसीआई ने ईसीबी का न्यौता भी ठुकरा दिया है. बीसीसीआई ने कहा है कि वो इंग्लैंड को उसकी चैम्पियंस लीग के लिए शुभकामनाएँ देता है लेकिन वो उसका आमंत्रण स्वीकार नहीं कर सकता.
दोनों ही बोर्ड ट्वेन्टी-20 चैम्पियंस लीग के अपने-अपने संस्करण आयोजित करवाने पर अड़े हैं. दोनों का दावा है कि ऑस्ट्रेलियाई और दक्षिण अफ़्रीकी बोर्ड उनके साथ हैं.
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड और इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड के बीच इंडियन क्रिकेट लीग (आईसीएल) के खिलाड़ियों पर प्रतिबंध,
लाभ में हिस्सेदारी आदि को लेकर तनाव चल रहा है.