http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 16 जुलाई, 2008 को 20:37 GMT तक के समाचार

भारत-पाक सेमीफ़ाइनल में मारपीट

एशिया कप जूनियर हॉकी के सेमीफ़ाइनल मैच में भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों की बीच ज़बर्दस्त झड़प हुई है.

यह मैच भारत ने 3-1 से जीत लिया लेकिन लोगों को यह मैच जीत हार से अधिक भारत-पाकिस्तान खिलाड़ियों के बीच हुई हाथापाई के लिए याद रहेगा.

दोनों टीमों के बीच मैदान पर उस समय लड़ाई हुई जब पाकिस्तानी खिलाड़ी मुहम्मद इरफ़ान ने भारत के मनदीप एंटिल को डी एरिया में ग़लत तरीके से रोका.

इस समय भारत 1-0 से आगे था और लग रहा था कि एंटिल गोल करने में कामयाब होंगे लेकिन इरफ़ान ने जिस तरह से एंटिल को रोका उससे भारतीय टीम के खिलाड़ी उत्तेजित हो गए और दोनों पक्षों के कई खिलाड़ी एक दूसरे भिड़ गए.

इस झड़प में इरफ़ान को नाक में चोट भी लगी और अंतत उन्हें पीला कार्ड दिखाकर मैच से बाहर कर दिया गया.

दस सदस्यों के साथ खेल रही पाकिस्तानी टीम का मनोबल टूट सा गया और इसके बाद भारत ने दो गोल और कर दिए. पाकिस्तानी टीम मात्र एक गोल कर सकी.

दोनों टीमों की इस लड़ाई के कारण मैच कई मिनटों तक रुका रहा और बाद में अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद ही मैच शुरु हो सका.

अंपायरों ने भारत के कप्तान गुरबाज़ सिंह और पाकिस्तानी कप्तान शफकत रसूल को बुलाकर चेतावनी दी तब कहीं जाकर मैच दोबारा शुरु हो सका.

भारतीय कोच एके बंसल ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि न तो भारतीय टीम को और न ही पाकिस्तानी टीम को ऐसा करना चाहिए था.

वो अपनी टीम से इतने नाराज़ थे कि उन्होंने यहां तक कहा कि दोनों टीमों के खिलाड़ी स्कूली बच्चों की तरह लड़ रहे थे.