बुधवार, 09 जुलाई, 2008 को 20:18 GMT तक के समाचार
आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में भारत एक पायदान नीचे खिसक कर तीसरे स्थान पर आ गया है. गेंदबाज़ी में अनिल कुंबले आठवें नंबर पर टिके हुए हैं.
टेस्ट मैचों में बल्लेबाज़ों के शीर्ष दस क्रिकेटरों की सूची में एक भी भारतीय खिलाड़ी शामिल नहीं है लेकिन गेंदबाज़ी में कप्तान अनिल कुंबले आठवें स्थान पर बने हुए हैं.
नई टेस्ट रैकिंग में इंग्लैंड भी एक पायदान नीचे चौथे स्थान पर आ गया लेकिन माइकल वान की टीम यदि बृहस्पतिवार से शुरू हो रही चार टेस्ट मैचों की सिरीज़ में दक्षिण अफ्रीका को हरा देती है तो भारत फिर दूसरे स्थान पर पहुंच जाएगा.
ऑस्ट्रेलिया अभी भी शीर्ष पर कायम है जिसने वेस्टइंडीज़ को दो टेस्ट मैचों की सिरीज में 2-0 से हराया है.
गेंदबाज़ों में भारतीय टेस्ट कप्तान अनिल कुंबले शीर्ष दस खिलाड़ियों में शामिल एकमात्र भारतीय हैं. वह आठवें स्थान पर हैं.
भारत का एक भी बल्लेबाज़ शीर्ष बल्लेबाज़ों की तालिका में नहीं है. श्रीलंका के कुमार संगकारा शीर्ष पर कायम हैं जबकि वेस्टइंडीज़ के शिवनारायण चंद्रपाल दूसरे स्थान पर हैं.
हरफ़नमौला खिलाड़ियों की सूची में दक्षिण अफ़्रीका के जैक कैलिस शीर्ष पर बने हुए हैं.