http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 04 जुलाई, 2008 को 14:51 GMT तक के समाचार

सेमी फ़ाइनल में हार गए पेस और ड्लोही

भारत के लिएंडर पेस और चेक गणराज्य के लूकास ड्लोही की जोड़ी विंबलडन से बाहर हो गई है. पुरुषों के डबल्स मुक़ाबले के सेमी फ़ाइनल में पेस और ड्लोही की जोड़ी हार गई.

नौवीं वरीयता प्राप्त पेस और ड्लोही की जोड़ी को दूसरी वरीयता प्राप्त कनाडा के डेनियल नेस्टर और सर्बिया के नेनाद जेमोनइच की जोड़ी ने पाँच सेटों के संघर्षपूर्ण मैच में 7-6, 4-6, 6-1, 4-6 और 8-6 से मात दी.

पहले यह मैच गुरुवार को ही होना था. लेकिन ख़राब मौसम के कारण गुरुवार को ये मैच पूरा नहीं हो सका था. उस समय नेस्टर और जेमोनइच की जोड़ी दो सेट जीत चुकी थी, जबकि पेस-ड्लोही सिर्फ़ एक ही सेट जीत पाए थे.

शुक्रवार को पेस और ड्लोही ने चौथे सेट में 6-4 से जीत हासिल करके शानदार शुरुआत की. लेकिन पाँचवें और निर्णायक सेट में मुक़ाबला ज़ोरदार रहा.

संघर्ष

दोनों जोड़ियाँ एक-एक प्वाइंट के लिए संघर्ष करती रही. मुक़ाबला इतना तगड़ा था कि स्कोर लगभग बराबर चल रहा था लेकिन 6-6 के स्कोर पर नेस्टर और जेमोनइच ने पेस और ड्लोही की सर्विस ब्रेक कर दी.

इस अहम सर्विस ब्रेक से नेस्टर और जेमोनइच को मनोवैज्ञानिक बढ़त हासिल हो गई. इसके बाद उन्हें मैच जीतने के लिए अपनी सर्विस पर गेम जीतना था.

और ये काम नेस्टर और जेमोनइच ने आसानी से कर दिखाया और फ़ाइनल में जगह बना ली. अब फ़ाइनल में उनका मुक़ाबला ज़िम्बाब्वे के केविन उलियट और स्वीडन के योनस ब्योर्कमैन की जोड़ी से होगा.

आठवीं वरीयता प्राप्त उलियट और ब्योर्कमैन की जोड़ी ने सेमी फ़ाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त अमरीका के बॉब ब्रायन और माइक ब्रायन की जोड़ी को मात दी थी.