http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 01 जुलाई, 2008 को 03:18 GMT तक के समाचार

उलटफेर के बीच फ़ेडरर-नडाल आगे बढ़े

विंबलडन के महिला वर्ग में उलटफेर का सिलसिला जारी है. स्वेतलाना कुज़्नेत्सोवा मुक़ाबले से बाहर हो गई हैं. नडाल और फ़ेडरर क्वार्टरफ़ाइनल में पहुँच गए हैं.

चौथी वरीयता प्राप्त स्वेतलाना कुज़्नेत्सोवा को पोलैंड की अग्निस्जका रंदवांस्का ने 4-6, 6-1, 5-7 से हराया.

कुज़्नेत्सोवा के हारने के साथ ही महिला वर्ग में चारों शीर्ष खिलाड़ियों की चुनौती ख़त्म हो चुकी है.

इससे पहले येलेना यान्कोविच, सर्बिया की एना इवानोविच और रूसी मरिया शारापोवा बाहर हो चुकी है.

दूसरी वरीयता प्राप्त यान्कोविच थाईलैंड की तमारिन तनासूगान से सीधे सेटों में हार गईं. तनासूगान ने यान्कोविच को सीधे सेटों में 6-3 और 6-2 से मात दी.

नडाल-फ़ेडरर आगे बढ़े

लगातार छठे ख़िताब की तरफ़ बढ़ रहे फ़ेडरर ने लेटन हेविट को 7-6, 6-2, 6-4 से हराया. यह उनकी ग्रास कोर्ट पर लगातार 63वीं जीत है.

उनका अगला मुक़ाबला क्रोएशिया के मारियो एनचिच से होगा जिन्होंने स्पेन के फर्नाडो वर्डास्को को 3-6, 4-6, 6-3, 6-4, 13-11 से शिकस्त दी.

विश्व के दूसरे नंबर के खिलाड़ी स्पेन के नडाल ने रूस के मिखाइल यूझनी को 6-3, 6-3, 6-1 से मात दी.

नडाल की भिड़ंत अब एंडी मर्रे से होगी. ब्रिटेन के मर्रे ने बेहद रोमांचक मुक़ाबले में दो सेटों से पिछड़ने के बाद रिचर्ड गास्केट को 5-7, 3-6, 7-6, 6-2, 6-4 से हराया.