मंगलवार, 01 जुलाई, 2008 को 21:59 GMT तक के समाचार
एशिया कप में बुधवार को एक बार फिर भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीमें आमने सामने होंगी.
भारतीय टीम इस मैच को जीतना चाहेगी ताकि फ़ाइनल में जगह सुनिश्चित हो सके.
इधर श्रीलंका ने बांग्लादेश को हराकर पहले ही फ़ाइनल में अपनी जगह बना ली है.
इसके पहले भारत ने इस प्रतियोगिता में पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी थी. पाकिस्तान इस मैच में उसका हिसाब चुकता करना चाहेगा.
पिछले महीने बांग्लादेश में खेली गई त्रिकोणीय श्रृंखला के फ़ाइनल में पाकिस्तान ने ग्रुप मुक़ाबले में हारने के बाद भारत को हरा दिया था.
हालांकि भारत ने एशिया कप में अब तक अपने तीनों मैच शानदार अंदाज़ में जीते हैं.
धोनी की टीम ने अपने पहले मैच में बांग्लादेश को सात विकेट के बडे़ अंतर से हराया था.
भारतीय बल्लेबाज़ों ख़ास तौर पर सुरेश रैना, गौतम गंभीर और वीरेंदर सहवाग ने एशिया कप में शानदार बल्लेबाज़ी की है.
लगातार मैच
भारत को बुधवार को पाकिस्तान के अलावा गुरुवार को श्रीलंका से भी भिड़ना है यानी कि भारत को एक बार फिर लगातार दो मैच खेलने पड़ेंगे.
भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी पहले ही एशिया कप के कार्यक्रम को लेकर नाराज़गी जता चुके हैं.
धोनी ने कहा था कि लगातार मैच खेलने से उनके खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर बुरा असर पड़ रहा है.
भारतीय कप्तान का कहना था,'' मैं इस कार्यक्रम से खुश नहीं हूँ, यह बहुत ही कठिन है. दो टीमों को तो दो दिनों के भीतर लगातार दो मैच खेलने पडे़ रहे हैं जबकि बाकी दो टीमों को एक दिन का अंतराल मिल रहा है.''
दूसरी ओर पाकिस्तानी खेमे से अच्छी ख़बरें नहीं आ रही हैं.
पाकिस्तान के कप्तान शोएब मलिक फ़िटनेस को लेकर परेशान हैं.
दूसरी ओर कोच ज्योफ़ लॉसन मीडिया से भिड़ चुके हैं. ये विवाद इतना बढ़ा था कि लॉसन को माफ़ी तक माँगनी पडी़ थी.
प्रेक्षकों का कहना है कि इन परिस्थितियों को देखते हुए मैच में भारत का पलड़ा भारी नज़र आता है.