http://www.bbcchindi.com

रविवार, 29 जून, 2008 को 06:46 GMT तक के समाचार

विंबलडनः डबल्स के तीसरे राउंड में सानिया

भारतीय टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्ज़ा अमरीकी जोड़ीदार बेथेनी मैटेक के साथ मिलकर विंबलडन के महिला युगल मुक़ाबलों के तीसरे दौर में पहुँच गई हैं.

महिला युगल के दूसरे दौर के मुक़ाबले में सानिया और बेथेनी की जोड़ी ने रूस की मारिया किरिलेंको और इटली की फ़्लाविया पेनेटा को सीधे सेटों में 6-3 और 6-4 से हरा दिया.

हालांकि सानिया विंबलडन के सिंगल्स मुक़ाबले से पहले ही बाहर हो चुकी हैं.

स्पेन की मारिया होज़े मार्टिनेज़ सांचेज़ ने सानिया को तीन सेटों के मैच में 6-0, 4-6 और 9-7 से मात दे दी थी.

शनिवार के खेल में सानिया और बेथेनी की 13वीं वरीयता प्राप्त जोड़ी ने घंटे भर से कुछ ज़्यादा समय में यह जीत हासिल की.

इस जोड़ी ने पहला सेट 33 मिनट में और दूसरा सेट 44 मिनट में अपने नाम कर लिया.

तीसरे दौर के मुक़ाबले में सानिया और बेथेनी का सामना उज़्बेकिस्तान की अकगुल अमनमुरादोवा और बेलारूस की डारया कुस्तोवा से होगा.

लेकिन मिश्रित युगल मुक़ाबले में भारत के रोहन बोपन्ना और उनकी जोड़ीदार बेलारूस की तातियाना पोचेक को स्वीडन के साइमन एस्पलिन और अमरीका की लिसा रेमंड की जोड़ी ने हरा दिया.