http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 26 जून, 2008 को 13:31 GMT तक के समाचार

सिंगल्स में हारीं, डबल्स में जीतीं

भारत की सानिया मिर्ज़ा विंबलडन के सिंगल्स मुक़ाबले से बाहर हो गई हैं. लेकिन डबल्स में वे अपनी जोड़ीदार बेथेनी मैटेक के साथ दूसरे दौर में पहुँच गई हैं.

सिंगल्स मुक़ाबले में स्पेन की मारिया होज़े मार्टिनेज़ सांचेज़ ने सानिया मिर्ज़ा को तीन सेटों के मैच में 6-0, 4-6 और 9-7 से मात दी.

पहले सेट में सानिया की मुश्किल इतनी ज़्यादा थी कि उनकी मैच में वापसी मुश्किल लग रही थी.

उनकी प्रतिद्वंद्वी स्पेन की मारिया होज़े मार्टिनेज़ सांचेज़ ने पहले सेट में 6-0 से जीत हासिल की. सानिया एक के बाद एक ग़लती कर रही थीं और सांचेज़ के हौसले बुलंद थे.

चुनौती

6-0 से जीत हासिल करने के बाद सांचेज़ ने दूसरे सेट में भी अच्छी शुरुआत की. लेकिन सानिया ने जैसे दूसरे सेट में वापसी का मन बना लिया था.

उन्होंने दूसरे सेट में 6-4 से जीत हासिल की और तीसरे सेट में भी वे एक समय अच्छी स्थिति में थी. लग रहा था कि वे तीसरे सेट में जीत हासिल कर लेंगी.

लेकिन मारिया सांचेज़ ने 7-7 पर उनकी सर्विस ब्रेक की और यह सानिया के लिए काफ़ी भारी साबित हुआ. तीसरे सेट में सानिया 9-7 से हार गईं.

इसके साथ ही सिंगल्स मुक़ाबले में सानिया की चुनौती ख़त्म हो गई है. लेकिन डबल्स में उनकी चुनौती अभी बरकरार है.

डबल्स के पहले दौर के मैच में सानिया ने अपनी अमरीकी जोड़ीदार बेथेनी मैटेक के साथ सीधे सेटों में जीत हासिल की. उन्होंने ब्रिटेन की येलेना बल्ताचा और नओमी कवाडे को 6-4, 6-2 से मात दी.