गुरुवार, 19 जून, 2008 को 15:28 GMT तक के समाचार
प्रतिबंधित मादक दवा रखने के आरोप में दुबई में हिरासत में लिए गए पाकिस्तान के तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद आसिफ़ को आरोप मुक्त कर दिया गया है.
सरकारी वकील मोहम्मद अल नओमी ने यह जानकारी दी. एक जून को मोहम्मद आसिफ़ को दुबई हवाई अड्डे पर हिरासत में लिया गया था.
मोहम्मद आसिफ़ पर आरोप था कि उनके पास से प्रतिबंधित नशीली दवा मिली थी.
मोहम्मद आसिफ़ इंडियन प्रीमियर लीग में हिस्सा लेने के बाद लौट रहे थे. मोहम्मद आसिफ़ का ड्रग टेस्ट भी हुआ लेकिन नतीजा निगेटिव रहा.
इसके बावजूद दुबई में अधिकारियों ने नशीली दवा रखने के मामले में उन्हें हिरासत में ही रखा.
पाकिस्तानी दूतावास के अधिकारियों ने बताया है कि आसिफ़ को पाकिस्तान भेजने की प्रक्रिया पूरी हो गई है और किसी भी समय उन्हें पाकिस्तान भेजा जा सकता है.
अभी तक इस मामले में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है.