http://www.bbcchindi.com

आसिफ़ को पाक टीम से हटाया गया

पाकिस्तान के चयनकर्ताओं ने विवादों में घिरे क्रिकेट खिलाड़ी मोहम्मद आसिफ़ को बांग्लादेश और भारत के साथ होनेवाली त्रिकोणीय सिरीज़ में टीम से छुट्टी कर दी है.

ग़ौरतलब है कि मोहम्मद आसिफ़ को मादक पदार्थ रखने के संदेह में दुबई हवाई अड्डे पर हिरासत में ले लिया गया था.

पाकिस्तान टीम के मुख्य चयनकर्ता सलाउद्दीन अहमद ने बीबीसी को बताया,'' चूंकि आसिफ़ की वापसी अभी अनिश्चित है इसलिए हमने उनके स्थान पर एक अन्य गेंदबाज़ को स्थान दिया है.''

पाकिस्तान ने आसिफ़ के स्थान पर सुहेल ख़ान को टीम में लिया है.

पाकिस्तान को आठ जून को मीरपुर में बांग्लादेश के ख़िलाफ़ पहला मैच खेलना है.

चौबीस वर्षीय सुहेल ख़ान दाहिने हाथ के तेज़ गेंदबाज़ हैं और इस सिरीज़ में खेलनेवाले युवा खिलाड़ियों में से एक हैं.

उन्होंने अब तक खेले तीन एकदिवसीय मैचों में चार विकेट लिए हैं.

दूसरी ओर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सफ़क़त नग़मी ने कहा कि आसिफ़ जल्द ही रिहा हो जाएँगे.

उनका कहना था,'' सारा मामला या तो किसी ग़लती अथवा ग़लतफ़हमी के कारण उत्पन्न हुआ, और आसिफ़ ठीकठाक हैं और उन्हें जल्द घर वापसी का इंतज़ार है.''

ग़ौरतलब है कि मोहम्मद आसिफ़ भारत में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) क्रिकेट खेलने के बाद दुबई होते हुए पाकिस्तान लौट रहे थे.

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के एक अधिकारी नदीम अकरम ने एक पाक टीवी चैनल को बताया था कि आसिफ़ अपने बटुए में देसी औषधि ले जा रहे थे.

अकरम ने कहा, "हमें औषधि के बारे में अच्छी तरह से पता नहीं है जिसे स्थानीय हक़ीम ने उनके कुहनी के घाव के लिए बताया था."

आईपीएल में आसिफ़ दिल्ली डेयरडेविल्स की तरफ से खेल रहे थे.