बुधवार, 04 जून, 2008 को 05:53 GMT तक के समाचार
संयुक्त अरब अमीरात में पाकिस्तान के राजदूत का कहना है कि पाकिस्तान के तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद आसिफ़ को दुबई पुलिस ने नशीली दवा रखने के आरोप से मुक्त कर दिया है.
पाकिस्तान के प्रमुख अंग्रेज़ी अख़बार डॉन ने पाकिस्तान के राजदूत अहसान उल्ला के हवाले से कहा है कि उन्हें किसी ग़लतफ़हमी के कारण हिरासत में लिया गया था.
हालांकि स्थानीय पत्रकारों का कहना है कि अभी उन्हें मुक्त नहीं किया गया है और नशीली दवा लेने की जाँच चल रही है और इसमें तीन-चार दिनों का समय लग सकता है.
उल्लेखनीय है सोमवार को दुबई हवाई अड्डे पर मोहम्मद आसिफ़ को हिरासत में लिया गया था.
अधिकारियों ने कहा था कि आसिफ़ के पास से जो पर्दाथ बरामद हुए हैं उन्हें जाँच के लिए भेज दिया गया है.
जानकारी के मुताबिक आसिफ़ भारत में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) क्रिकेट सिरीज़ खेलने के बाद अपने घर लौट रहे थे.
इस सीरिज़ में आसिफ़ ने दिल्ली की टीम 'दिल्ली डेयरडेविल्स' की तरफ़ से खेल रहे थे.
इससे पहले पाकिस्तानी टेलीविज़न चैनल जियो टीवी को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के एक अधिकारी नदीम अकरम ने बताया था कि आसिफ़ अपने बटुए में पारंपरिक औषधि ले जा रहे थे.
अकरम ने कहा, "हमें औषधि के तत्वों के बारे में अच्छी तरह से पता नहीं है जिसे स्थानीय हक़ीम ने उनके कुहनी के घाव के लिए बताया था."
आसिफ़ रविवार से बांग्लादेश में शुरु होने वाले त्रिकोणीय क्रिकेट सीरिज़ में भारत और बांग्लादेश के ख़िलाफ़ खेलने वाली पाकिस्तान टीम के सदस्य हैं.
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खेले गए अपने 11 टेस्ट मैचों में आसिफ़ ने 51 विकेट लिए हैं जबकि 31 अंतरराष्ट्रीय वनडे मैचों में उन्होंने 36 विकेट लिए हैं.