http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 03 जून, 2008 को 11:28 GMT तक के समाचार

पाकिस्तानी गेंदबाज़ आसिफ़ हिरासत में

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के एक अधिकारी के मुताबिक पाकिस्तान के तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद आसिफ़ को दुबई पुलिस ने कथित तौर पर 'नशीले पदार्थ' रखने के आरोप में हिरासत में ले लिया है.

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अधिकारी सफ़क़त नग़मी ने मंगलवार को संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा, "हम उम्मीद करते हैं कि सारा वाक़या ग़लतफ़हमी की वजह से हुआ है."

उन्होंने संवाददाताओं को बताया कि आसिफ़ के ख़िलाफ़ कोई आरोप अभी तक तय नहीं किया गया है.

उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि इस मामले का ज़ल्दी से हल हो.

सोमवार को दुबई हवाई अड्डे पर मोहम्मद आसिफ़ को हिरासत में लिया गया था.

अधिकारी ने कहा कि आसिफ़ के पास से जो पर्दाथ बरामद हुए हैं उन्हें जाँच के लिए भेज दिया गया है.

जानकारी के मुताबिक आसिफ़ भारत में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) क्रिकेट सिरीज़ खेलने के बाद अपने घर लौट रहे थे.

इस सीरिज़ में आसिफ़ ने दिल्ली की टीम 'दिल्ली डेयरडेविल्स' की तरफ़ से खेल रहे थे.

इससे पहले पाकिस्तानी टेलीविज़न चैनल जियो टीवी को पाकिस्तान क्रिकेट
बोर्ड के एक अधिकारी नदीम अकरम ने बताया कि आसिफ़ अपने बटुए में पारंपरिक औषधि ले जा रहे थे.

अकरम ने कहा, "हमें औषधि के तत्वों के बारे में अच्छी तरह से पता नहीं है जिसे स्थानीय हक़ीम ने उनके कुहनी के घाव के लिए बताया था."

आसिफ़ रविवार से बांग्लादेश में शुरु होने वाले त्रिकोणीय क्रिकेट सीरिज़ में भारत और बांग्लादेश के ख़िलाफ़ खेलने वाली पाकिस्तान टीम के सदस्य हैं.

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खेले गए अपने 11 टेस्ट मैचों में आसिफ़ ने 51 विकेट लिए हैं जबकि 31 अंतरराष्ट्रीय वनडे मैचों में उन्होंने 36 विकेट लिए हैं.