शुक्रवार, 30 मई, 2008 को 16:17 GMT तक के समाचार
बांग्लादेश में त्रिकोणीय श्रृंखला और पाकिस्तान में होने वाले एशिया कप में खेलने वाली भारतीय क्रिकेट टीम में पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ और सौरभ गांगुली को जगह नहीं मिली है.
टीम की घोषणा शुक्रवार को मुंबई चयन समिति की बैठक के बाद बीसीसीआई के सचिव निरंजन शाह ने की.
पंद्रह सदस्यों वाली टीम में बड़ोदा के खब्बू बल्लेबाज़ यूसुफ़ पठान और हैदराबाद के स्पिनर प्रज्ञान ओझा को जगह दी गई है. युसूफ़ पठान तेज़ गेंदबाज़ इरफ़ान पठान के बड़े भाई हैं.
चयनकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश के बल्लेबाज़ सुरेश रैना को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में उनके प्रदर्शन के आधार पर टीम में जगह दी है. रैना ने अपना अंतिम एक दिवसीय मैच जनवरी 2007 में खेला था.
मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर चोट के कारण पहले ही इन दोनों प्रतियोगिताओं से बाहर हो चुके हैं.
वहीं तेज़ गेंदबाज़ एस श्रीसंत के साथ हुए विवाद के कारण ऑफ़ स्पिनर हरभजन सिंह पर पाँच एकदिवसीय मैचों का प्रतिबंध लगा दिया गया था. जिसके कारण उन्हें टीम में शामिल नहीं किया गया है.
चयनकर्ताओं ने भारतीय टीम के दो पूर्व कप्तानों राहुल द्रविड़ और सौरभ गांगुली को इस टीम में जगह न देकर उनके एक दिवसीय करियर पर प्रश्नचिन्ह लगा दिया है.
इन दोनों खिलाड़ियों को इसके पहले आस्ट्रेलिया में हुई एक दिवसीय मैचों की त्रिकोणीय श्रृंखला में खेलने वाली टीम में भी जगह नहीं मिली थी.
बांग्लादेश में त्रिकोणीय श्रृंखला आठ से 14 जून तक खेली जाएगी. पाकिस्तान इस श्रृंखला में खेलने वाला तीसरा देश होगा.
एशिया कप का आयोजन 24 जून से छह जुलाई तक पाकिस्तान में किया जाएगा.
टीम इस प्रकार है
महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), वीरेंद्र सहवाग, गौतम गंभीर, रॉबिन उत्थप्पा, युवराज सिंह, रोहित शर्मा, इरफ़ान पठान, सुरेश रैना, प्रवीन कुमार, पियूष चावला, यूयुफ़ पठान, प्रज्ञान ओझा, एस श्रीसंत, इशांत शर्मा और आरपी सिंह.