शुक्रवार, 23 मई, 2008 को 03:44 GMT तक के समाचार
आईसीसी के नियमों से आहत बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख़ ख़ान अब आईपीएल के बाकी मैचों में अपनी टीम की हौसला अफ़जाई के लिए मैदान पर नहीं जाएंगे.
शाहरुख़ ने अपनी टीम कोलकाता नाइट राइडर्स को भेजे मोबाइल संदेश में लिखा है कि वो आईसीसी की आचार संहिता समझने की कोशिश कर रहे हैं और फिलहाल वे आईपीएल का कोई मैच नहीं देखेंगे.
उन्होंने उस घटना की ओर भी इशारा किया है जब ईडन गार्डन पर एक मैच के दौरान आईसीसी के भ्रष्टाचार निरोधी अधिकारी ने उन्हें सीमा रेखा के पास खिलाड़ियों के लिए बने 'डग आउट' में जाने से मना कर दिया.
शाहरुख़ का कहना है, "आईपीएल, आईसीसी की आचार संहिता का मेरे लिए क्या मायने हैं, मैं अभी भी इसे समझने की कोशिश कर रहा हूँ. जब मैं पूरी तरह समझ लूंगा तब सोचूंगा कि इसे स्वीकार करुँ या नहीं."
वो कहते हैं, "तब तक मैं आप लोगों से होटल में मिलूंगा, मीटिंग में रहूँगा लेकिन मैच देखने नहीं आऊंगा."
उन्होंने उन ख़बरों का भी खंडन किया है कि वो अपनी टीम के ख़राब प्रदर्शन से निराश हैं, इसीलिए वे स्टेडियम नहीं जा रहे हैं.
शाहरुख़ अपने खिलाड़ियों से कहते हैं, "कृपया कभी ये न समझिए कि इसका टीम से कोई लेना देना है. मैं नाइट्स से उसी तरह जुड़ा हूँ जिस तरह अपने बच्चे से. सिर्फ़ मैं तब तक क्लास रुम में नहीं जाऊंगा जब तक कि हेडमास्टर के नियमों को न समझ लूं."
उन्होंने इस बात से भी इनकार किया कि कप्तान सौरभ गांगुली, कोच जॉन बुकानन और उनके बीच किसी तरह के मतभेद हैं.