सोमवार, 19 मई, 2008 को 12:43 GMT तक के समाचार
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने सोमवार को कहा है कि यदि फ़िल्म अभिनेता शाहरुख़ ख़ान इंडियन प्रीमियर लीग मैच के दौरान कोलकता नाइट राइडर्स के खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम बैठें तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं है.
हालांकि बीसीसीआई ने शाहरुख़ ख़ान को सलाह दी है कि वे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के दिशानिर्देशों का पालन करें.
उल्लेखनीय है कि कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम का फ़्रैंचाइज़ शाहरुख़ ख़ान के पास है.
राजकोट में पत्रकारों से बात करते हुए बीसीसीआई के सचिव निरंजन शाह ने कहा, "कोई भी व्यक्ति चाहे तो खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम में बैठ सकता है बशर्ते वह ज़रुरी नियमों का पालन करे."
उन्होंने कहा, "शाहरुख़ को ड्रेसिंग रूम में जाने से पहले आईपीएल के भ्रष्ट्राचार विरोधी अधिकारी से अनुमति लेनी होगी."
निरंजन शाह ने कहा कि आईपीएल आईसीसी के नियमों का पालन करती है और इस बात को सभी को समझना चाहिए.