बुधवार, 07 मई, 2008 को 16:23 GMT तक के समाचार
मुंबई में हुए आईपीएल मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स की टीम मुंबई इंडियंस से बुरी तरह हार गई है. मुंबई इंडियंस ने ये मैच सात विकेट से जीत लिया.
सचिन तेंदुलकर इस मैच में भी नहीं खेले.
राजस्थान रॉयल्स ने जीत के लिए 104 रनों का लक्ष्य रखा था. मुंबई इंडियंस ने मात्र तीन विकेट गँवाकर 29 गेंद रहते ये लक्ष्य हासिल कर लिया.
मुंबई इंडियंस की ओर से रॉबिन उथप्पा ने सर्वाधिक नाबाद 34 रन बनाए और आशीष नेहरा ने तीन विकेट लिए.
इससे पहले मुंबई इंडियंस ने टॉस जीता और फ़ील्डिंग करने का फ़ैसला किया.
राजस्थान रॉयल्स की टीम केवल 103 रन ही बना पाई और उसकी पूरी टीम 16.2 ओवरों में ही आउट हो गई.
राजस्थान रॉयल्स की पारी की शुरुआत ही ख़राब रही.तीसरे ही ओवर में ग्रेम स्मिथ पाँच के निजी स्कोर पर आउट हो गए और फिर चौथे ही ओवर में यूसुफ़ पठान नेहरा की गेंद का शिकार हुए.
यूसुफ़ पठान से बड़े स्कोर की उम्मीद की जा रही थी लेकिन वे एक रन ही बना पाए. उस समय राजस्थान रॉयल्स का स्कोर था दो विकेट पर 21 रन.
लेकिन स्वप्निल असनोडकर और फिर शेन वाटस्न ने स्थिति को कुछ हद तक संभाला. शेन वाटस्न ने 20 गेंदों में 32 रन बनाए और ब्रावो की गेंद पर आउट हुए.
स्वप्निल असनोडकर एक छोर पर टिके हुए थे लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते गए. कैफ़ मात्र चार रन बना पाए तो रवींद्र जडेजा अपना खाता भी नहीं खोल पाए. उन्हें धवल कुलकर्णी ने आउट किया.
फिर कुलकर्णी ने कप्तान शेन वॉर्न को भी सात रन पर चलता किया. केवल स्वप्निल ही क्रीज़ पर जमे हुए थे पर 39 के स्कोर पर रोहन राजे ने उन्हें आउट कर राजस्थान रॉयल्स को मुश्किल में डाल दिया. उस समय टीम का स्कोर सात विकेट पर 95 रन था.
आशीष नेहरा अच्छी फ़ॉर्म में थे और उन्होंने निचले क्रम को दो बल्लेबाज़ों सोहेल तनवीर और महेश रावत को आउट कर दिया.
राजस्थान रॉयल्स की टीम 20 ओवर भी नहीं खेल पाई और पूरी टीम 103 रन ही जुटा पाई.
मुंबई इंडियंस
मुंबई इंडियंस की टीम के सामने लक्ष्य आसान था. शुरुआत जयसूर्या और योगेश टकावले ने की. पहला विकेट जयसूर्या का गिरा. उन्हें वाटसन ने 18 के निजी स्कोर पर आउट किया.
योगेश टकावले ने 27 रन बनाए और वे शेन वार्न की गेंद का शिकार बने. इसके बाद आए रॉबिन उथप्पा ने अच्छे शॉट लगाए और रनों की रफ़्तार बनाए रखी.
इस बीच ब्रावो एक के स्कोर पर वाटसन की गेंद पर आउट हुए. उनकी जगह आए अभिषेक नायर ने उथप्पा का साथ दिया और दोनों ने बिना किसी मुश्किल के 15.1 ओवर में ही 104 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया.
उथप्पा ने 21 गेंदों में 34 रन बनाए जबकि नायर ने 13 गेंदों में 12 रन. दोनों अंत तक आउट नहीं हुए.
राजस्थान रॉयल्स अपने पिछले पाँच मैच जीत चुकी है जबकि अपने शुरुआती मैच हारने के बाद मुंबई इंडियंस ने भी रफ़तार पकड़ी है और
पिछले दोनों मैच जीते हैं.