बुधवार, 30 अप्रैल, 2008 को 18:29 GMT तक के समाचार
इंडियन प्रीमियर लीग में बुधवार को वीरेंदर सहवाग की टीम डेल्ही डेयर डेविल्स ने राहुल द्रविड़ की बंगलौर रॉयल चैलेंजर्स को 10 रनों से हरा दिया.
डेल्ही डेयर डेवल्स के ग्लेन मैक्ग्रा को शानदार गेंदबाज़ी के लिए मैन ऑफ़ द मैच क़रार दिया गया.
उन्होंने अपने चार ओवरों में 29 रन देकर चार विकेट लिए.
दिल्ली के फ़िरोज़शाह कोटला मैदान पर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में डेल्ही डेयर डेविल्स ने 191 रन बनाए थे.
लेकिन इसके जवाब में रॉयल चैलेंजर्स 20 ओवरों में 181 रन ही बना सकी.
डेयर डेविल्स की ओर से गौतम गंभीर ने 86 रनों की शानदार पारी खेली. जबकि शिखर धवन ने 33 गेंदों में 50 रन बनाए.
डेयर डेविल्स टीम ने पहले विकेट के रूप में कप्तान वीरेंद्र सहवाग का विकेट खो दिया था.
वो 24 रन पर रनआउट हो गए थे. उन्हें रॉस टेलर ने रनआउट किया.
लेकिन सहवाग के आउट होने के बाद गौतम गंभीर और शिखर धवन ने रॉयल चैलेंजर्स के गेंदबाज़ों की जमकर धुनाई की.
रॉयल चैलेंजर्स की शुरुआत ख़राब हुई, प्रवीण कुमार छह रन बनाकर आउट हुए.
उन्हें मैक्ग्रा की गेंद पर धवन ने लपक लिया. उसके बाद वसीम जाफ़र 10 और टेलर 29 रन बनाकर आउट हो गए.
रॉयल चैलेंजर्स की टीम ने अब तक केवल एक मैच ही जीता है.
रॉयल चैलेंजर्स को एकमात्र जीत अब तक अपने चार मैच हार चुकी मुंबई इंडियंस के ख़िलाफ़ हासिल हुई थी.
जबकि प्रीमियर लीग में पहले दो मैच जीतने के बाद वीरेंद्र सहवाग की अगुवाई वाली दिल्ली की टीम पिछला मैच मोहाली की टीम 'किंग्स इलेवन पंजाब' से हार गई थी.