http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 25 अप्रैल, 2008 को 14:00 GMT तक के समाचार

आईसीसी विवाद में स्पीड पर गिरी गाज

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) में शीर्ष अधिकारियों के बीच मतभेद के कारण मुख्य कार्यकारी अधिकारी मैल्कम स्पीड पर गाज गिरी है. 30 अप्रैल से उन्हें छुट्टी पर भेजा जा रहा है.

मुख्य कार्यकारी अधिकारी मैल्कम स्पीड को उनके कार्यकाल की समाप्ति तक छुट्टी पर भेज दिया गया है.

आईसीसी के मुताबिक़ मैल्कम स्पीड की सहमति से उन्हें 30 अप्रैल से चार जुलाई तक छुट्टी पर भेजा दिया गया है. उसी दिन उनका कार्यकाल ख़त्म हो रहा है.

आईसीसी के जनरल मैनेजर डेविड रिचर्ड्सन इस दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी का कार्यभार संभालेंगे. अगले सीईओ हारून लॉरगेट चार जुलाई से अपना कार्यभार संभालेंगे.

बयान

आईसीसी के मनोनीत अध्यक्ष डेविड मॉर्गन ने एक बयान जारी करके यह जानकारी दी है.

बयान में कहा गया है, "ऐसा इसलिए हुआ है क्योंकि मैल्कम स्पीड और बोर्ड के सदस्यों (अध्यक्ष रे माली समेत) के बीच ज़िम्बाब्वे सहित कई मुद्दों पर गंभीर मतभेद के कारण रिश्ते ख़राब हो गए हैं."

मैल्कम स्पीड वर्ष 2001 से आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हैं. मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में पद संभालने वाले वे सिर्फ़ दूसरे व्यक्ति हैं. इससे पहले डेविड रिचर्ड्स सीईओ रह चुके हैं.

डेविड रिचर्ड्स ने 1993 से 2001 तक इस पद पर काम किया था. डेविड मॉर्गन के बयान के मुताबिक़ मैल्कम स्पीड 30 अप्रैल से चार जुलाई तक छुट्टी पर रहेंगे.