रविवार, 13 अप्रैल, 2008 को 04:29 GMT तक के समाचार
भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच तीसरा टेस्ट कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जा रहा है.
दक्षिण अफ़्रीका ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया है. भारत सिरीज़ में 1-0 से पीछे है.
अनिल कुंबले अनफिट होने के कारण इस मैच में नहीं खेल रहे हैं और उनकी जगह महेंद्र सिंह धोनी कप्तानी संभाल रहे हैं.
अहमदाबाद टेस्ट में मिली पारी की हार के बाद सिरीज़ में बराबरी के लिए भारत को यह मैच जीतना होगा.
चेन्नई में खेला गया पहला टेस्ट ड्रॉ हो गया था.
इरफ़ान पठान और आरपी सिंह को टीम में शामिल नहीं किया गया है. भारत इस मैच में दो विशेषज्ञ स्पिनरों के साथ उतर रहा है-पीयूष चावला और हरभजन सिंह.
तेज़ गेंदबाज़ी की कमान ईशांत शर्मा और एस श्रीसंत के हाथों में होगी. ईशांत पिछले दोनों मैचों में नहीं खेल पाए थे.
टीमें इस प्रकार है-
भारत: वीरेंदर सहवाग, वसीम जाफ़र, राहुल द्रविड़, सौरभ गांगुली, वीवीएस लक्ष्मण, युवराज सिंह, महेंद्र सिंह धोनी, हरभजन सिंह, एस श्रीसंत, ईशांत शर्मा और पीयूष चावला.
दक्षिण अफ़्रीका: नील मेकेंज़ी, ग्रैम स्मिथ, हाशिम अमला, जैक कैलिस, एश्वेल प्रिंस, एबी डीविलयर्स, मार्क बाउचर, मोर्ने मोर्केल, पॉल हैरिस, डेल स्टीन और मखाया एनतिनी.