रविवार, 06 अप्रैल, 2008 को 09:38 GMT तक के समाचार
गेंदबाज़ मुनाफ़ पटेल और ईशांत शर्मा को को कानपुर में दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ होने वाले तीसरे और अंतिम टेस्ट मैच के लिए भारतीय टेस्ट टीम में शामिल कर लिया गया है
11 अप्रैल को होने वाले इस मैच में रमेश पोवार को भी टीम में शामिल किया गया है. वो अनिल कुंबले के फ़िट न होने पर फ़िरकी की कमान संभाल सकते हैं.
मुनाफ़ की वापसी तेज़ गेंदबाज़ आरपी सिंह की जगह पर हुई है.
वहीं चोट की समस्या से जूझ रहे कप्तान अनिल कुंबले और ईशांत शर्मा को एक बार फ़िटनेस टेस्ट देना होगा.
ये टेस्ट मैच के एक दिन पहले यानी 10 अप्रैल को लिया जाएगा तभी टीम के संभावित 14 खिलाड़ियों की घोषणा होगी.
कुंबले की जगह पर संभावित खिलाड़ी के रूप में टीम में रमेश पोवार को लिया गया है.
मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर पहले ही चोट की वजह से टीम से बाहर हैं.
टीम ने पिछले टेस्ट मैच मे बेहद ख़राब प्रदर्शन किया था. ऐसे में ये फ़ेरबदल कितना कामयाब होगा ये तो मैच शुरू होने के बाद ही पता चलेगा.
उल्लेखनीय है कि दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में पहले तो पूरी टीम टॉस जीतकर पहली पारी में 76 रनों पर आउट हो गई.
और बाद में दूसरी पारी में भी ख़ास नहीं कर पाई. नतीजा ये हुआ कि भारत अहमदाबाद में मैच 90 रनों और एक पारी से हार गया.
संभावित 16
फ़िलहाल टीम के संभावित 16 खिलाड़ी इस तरह से है.
अनिल कुंबले(कप्तान), वीरेंदर सहवाग, वसीम जफ़र, राहुल द्रविड़, वीवीएस लक्ष्मण, सौरभ गांगुली, युवराज सिंह, मोहम्मद कैफ, महेद्र सिंह धोनी, हरभजन सिंह, एस श्रीसंत, इरफ़ान पठान, ईशांत शर्मा, मुनफ़ पटेल, रमेश पोवार और पीयूष चावला.