बुधवार, 02 अप्रैल, 2008 को 04:46 GMT तक के समाचार
भारतीय कप्तान अनिल कुंबले और युवा तेज़ गेंदबाज़ इशांत शर्मा के दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ दूसरे क्रिकेट टेस्ट मैच के लिए फ़िटनेस का बुधवार को आकलन किया जाएगा.
इसके बाद ही ये सुनिश्चित हो पाएगा कि ये दोनों खिलाड़ी अहमदाबाद में होनेवाले दूसरे टेस्ट में खेल पाएँगे.
चेन्नई टेस्ट मैच के दौरान कुंबले की जांघ की मांसपेशी में हल्का खिंचाव आ गया था.
दूसरी ओर इशांत शर्मा अपनी उंगली की चोट से उबर रहे हैं.
हालांकि कुबंले और इशांत शर्मा दोनों ने अहमदाबाद में अभ्यास के दौरान काफ़ी देर तक गेंदबाज़ी की.
मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर मांसपेशी में खिचाव के कारण पहले ही उपलब्ध नहीं हैं.
ऐसे में भारतीय टीम प्रबंधन कुंबले और इशांत के फ़िटनेस को लेकर खासा चिंतित है.
अपने टखने की चोट से उबर रहे स्पिनर मुरली कार्तिक सहित केवल सात भारतीय खिलाड़ी ही मंगलवार को अभ्यास के लिए आए.
युवराज और कैफ़ दोनों ने मंगलवार को काफ़ी देर तक बल्लेबाज़ी की.
मोहम्मद कैफ़ को सचिन तेंदुलकर के स्थान पर टीम में शामिल किया गया है.
अभ्यास के बाद पत्रकारों से बातचीत में कुंबले ने कहा कि अब वो बेहतर महसूस कर रहे हैं.