http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 24 मार्च, 2008 को 14:22 GMT तक के समाचार

डालमिया पर हेराफेरी का आरोप

मुंबई पुलिस ने सोमवार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के पूर्व अध्यक्ष जगमोहन डालमिया पर अपने कार्यकाल के दौरान क़रीब तीन करोड़ रूपए की हेराफेरी का आरोप लगाया है.

मुबंई के ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर (अपराध) राकेश मारिया ने समाचार एजेंसियों को बताया कि पुलिस की अपराध शाखा बुधवार को एक स्थानीय अदालत में डालमिया, गौतम दत्ता और केएम चौधरी के ख़िलाफ़ चार्जशीट दाख़िल करेगी.

पुलिस अधिकारी के मुताबिक तीनों आरोपियों पर धोखाधड़ी, विश्वास तोड़ने और अपराधिक षडयंत्र में शामिल होने का आरोप दायर किया जाएगा.

समाचार एजेंसियों के मुताबिक मुबंई की आर्थिक अपराध शाखा ने पाया है कि बीसीसीआई के जो फ़ंड क़ानूनी कार्रवाइयों की शुल्क के रूप में रखे गए थे उसे डालमिया ने अपने व्यक्तिगत खर्चों के भुगतान के रूप में इस्तेमाल किया था.

बीसीसीआई ने डालमिया पर ये आरोप मार्च 2006 में लगाया था जब केंद्रीय कृषि मंत्री शरद पवार ने बीसीसीआई की गवर्निंग बॉडी का अध्यक्ष पद संभाला था.

डामलिया ने कहा है कि ये आरोप उनके 'प्रतिद्वंद्वियों के गेम प्लान'
का हिस्सा है.

उन्होंने कोलकाता में कहा, जब भी क्रिकेट से जुड़ी राजनीतिक गतिवधियाँ होती हैं तो ये लोग कुछ करते ही हैं- मुझसे हिसाब चुकता करने के लिए.

बातचीत के समय डालमिया बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन की विशेष बैठक में हिस्से लेने आए थे.

उधर शरद पवार ने समाचार एजेंसियों से बात करते हुए कहा है कि यह कार्रवाई किसी बदले की भावना से नहीं की गई हैं.