http://www.bbcchindi.com

सानिया मिर्ज़ा क्वार्टर फ़ाइनल में पहुँचीं

भारतीय टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्ज़ा 'पैसेफ़िक लाइफ़ ओपन' के सिंग्ल्स और डबल्स मुक़ाबले में क्वार्टर फ़ाइनल में पहुँच गई है.

उन्होंने नौवीं वरीयता प्राप्त इसराइल की खिलाड़ी शहार पीर को हराया. सानिया पहले सेट में शहार पीर से 6-7 से हार गई थी लेकिन दूसरे सेट में उन्होंने कड़ी चुनौती देते हुए पीर को 7-5 से हराया.

उसके बाद पीर को मैच में वापस आने का मौक़ा सानिया ने नहीं दिया. तीसरे और निर्णायक सेट में सानिया ने 6-3 से जीत हासिल की और अगले दौर में जगह बनाई.

अब क्वार्टर फ़ाइनल में सानिया का मुक़ाबला डेनिएला हंतुकोवा से होगा. इस बीच सानिया और अमरीका की बेथनी मैटेक 'पेसेफ़िक लाइफ़ ओपन' के डबल्स मुक़ाबले के क्वार्टर फ़ाइनल में भी पहुँच गई हैं.

उन्होंने डबल्स मुक़ाबले में पॉश्चेक और रॉदिओनोवा को 6-2, 4-6 और 10-7 से हराया.

उधर आस्ट्रेलियाई ओपन चैंपियन मारिया शारापोवा और स्विट्ज़रलैंड के टेनिस खिलाड़ी रोजर फ़ेडरर ने सीधे सेट में अपनी जीत हासिल की. शारापोवा ने ग्रीस की येलेना दालिनीदोऊ को 7-5, 6-3 से हराया.

लेकिन अमरीका के एंडी रॉडिक को हार का मुँह देखना पड़ा. उन्हें जर्मनी के टॉमी हास ने 6-4, 6-4 से हराया.