http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 17 मार्च, 2008 को 17:19 GMT तक के समाचार

आईसीसी के प्रमुख सलाहकार होंगे बिंद्रा

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के पूर्व अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह बिंद्रा को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) का प्रमुख सलाहकार नियुक्त किया गया है.

वैसे बिंद्रा आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पद की होड़ में भी माने जा रहे थे. लेकिन आईसीसी के प्रवक्ता समी-उल-हसन ने बीबीसी से विशेष बातचीत में कहा कि इंद्रजीत सिंह बिंद्रा को आईसीसी का प्रमुख सलाहकार नियुक्त किया गया है.

जो आईसीसी अध्यक्ष को सीधे रिपोर्ट देंगे. हालाँकि अभी आधिकारिक रूप से आईसीसी ने इसकी घोषणा नहीं की है.

दूसरी ओर दक्षिण अफ़्रीका के इम्तियाज़ पटेल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी होंगे. वे जुलाई में मैल्कम स्पीड की जगह लेंगे. मैल्कम स्पीड 2001 से इस पद पर थे.

क्रिकेट सेवा

समी-उल-हसन ने बताया, "बिंद्रा जी के अनुभव को इस्तेमाल करने के लिए उन्हें आईसीसी का प्रमुख सलाहकार नियुक्त किया गया है. और वे सीधे आईसीसी अध्यक्ष को रिपोर्ट करेंगे."

बीबीसी ने जब इंद्रजीत सिंह बिंद्रा से इस बारे में टिप्पणी चाही, तो उन्होंने कहा, "मुझे अभी तक इसकी जानकारी नहीं दी गई है. आप ही मुझे ये बता रहे हैं. मुझे बहुत ख़ुशी हो रही है और गर्व भी हो रहा है. मैं तन-मन से क्रिकेट की सेवा करूँगा"

बिंद्रा ने कहा कि वे इस ज़िम्मेदारी को अच्छी तरह निभाऊँगा. दुबई में आईसीसी की चार सदस्यीय उप समिति की बैठक में यह फ़ैसला हुआ.

आईसीसी के कार्यकारी अध्यक्ष रे माली ने इम्तियाज़ पटेल को नया कार्यकारी अधिकारी चुने जाने के बारे में पत्रकारों को इसकी जानकारी दी.

उन्होंने बताया, "हमें इस बात की ख़ुशी है कि चार सदस्यीय उप समिति ने इम्तियाज़ पटेल को नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी चुना गया है. मुझे उम्मीद है कि वे इस पद को स्वीकार कर लेंगे."

43 वर्षीय इम्तियाज़ पटेल इस समय दक्षिण अफ़्रीका में सुपर स्पोर्ट्स इंटरनेशनल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हैं.