रविवार, 09 मार्च, 2008 को 14:45 GMT तक के समाचार
अमरीका की सरीना विलियम्स ने बंगलौर ओपन टेनिस प्रतियोगिता जीत ली है. फ़ाइनल में उन्होंने स्विट्ज़रलैंड की पैटी श्निडर को सीधे सेटों में 7-5 और 6-3 से मात दी.
इस साल सरीना विलियम्स का ये पहला ख़िताब है. ख़िताबी जीत के बाद उन्हें 95,500 डॉलर की पुरस्कार राशि मिली.
पहली बार बंगलौर ओपन में हिस्सा ले रही सरीना विलियम्स को तीसरा वरीयता मिली हुई थी जबकि श्निडर को चौथी वरीयता प्राप्त थी. पैटी श्निडर ने पहले सेट में सरीना को अच्छी टक्कर दी.
और दूसरे सेट में तो एक समय वे 3-1 से आगे थी. लेकिन आठ ग्रैंड स्लैम जीत चुकीं सरीना ने सही समय पर अपना अनुभव दिखाया और दूसरे सेट में ही जीत हासिल करके मैच को तीसरे सेट में जाने ही नहीं दिया.
संघर्ष
सरीना ने पहला सेट 7-5 और दूसरा सेट 6-3 से जीता. फ़ाइनल क़रीब एक घंटे 25 मिनट तक चला.
यानी दूसरे सेट में सरीना ने लगातार पाँच गेम जीते. सरीना ने सेमी फ़ाइनल में अपनी बहन वीनस विलियम्स को मात दी थी. जबकि पैटी श्निडर ने सेमी फ़ाइनल में चीन की यान ज़ी को हराया था.
ख़िताब जीतने के बाद गदगद नज़र आ रही सरीना ने कहा, "भारत में आना और यहाँ आकर ख़िताब जीतना बहुत अच्छा लगा. एक सप्ताह पहले मुझे इस पर भी भरोसा नहीं था कि मैं भारत आ पाऊँगी. लेकिन साल का पहला ख़िताब जीतने के बाद ये दौरा मेरे लिए ख़ास बन गया है."
मैच के बाद पैटी श्निडर ने स्वीकार किया कि सरीना विलियम्स उनके लिए काफ़ी मज़बूत साबित हुईं. श्निडर ने कहा कि उन्होंने अपनी ओर से अच्छी कोशिश की लेकिन दूसरा सेट वे बचा नहीं पाईं.