http://www.bbcchindi.com

रविवार, 09 मार्च, 2008 को 02:36 GMT तक के समाचार

भारत बीजिंग ओलंपिक से एक क़दम दूर

भारत ने ओलंपिक क्वालीफ़ाइंग टूर्नामेंट में चिली को हरा कर फ़ाइनल में जगह बना ली है.

ओलंपिक का टिकट पाने के लिए फ़ाइनल में उसे ब्रिटेन को हराना होगा.

सैंटियागो में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में भारत ने चिली को 4-1 से हरा दिया. उधर ब्रिटेन ने ऑस्ट्रिया को 4-0 से बुरी तरह रौंद दिया.

हालाँकि फ़ाइनल में भारतीय टीम पर मनोवैज्ञानिक दबाव होगा क्योंकि लीग मुक़ाबले में उसे ब्रिटेन से हार का सामना करना पड़ा था.

चिली के ख़िलाफ़ पहला गोल खेल के नौवें मिनट में ही प्रभजोत सिंह ने किया.

इसके बाद एक मिनट के भीतर ही वीआर रघुनाथ और भरत ने दो और गोल दाग कर भारत की स्थिति मज़बूत कर दी.

हाफ़ टाइम के बाद चिली ने बेहतर खेल दिखाया लेकिन भारतीय रक्षा पंक्ति ने उन्हें कोई मौका नहीं दिया.

वीआर रघुनाथ ने टूर्नामेंट का दसवाँ गोल करते हुए भारत को 4-0 से आगे कर दिया. हालाँकि आख़िर में मेज़बान चिली की टीम ने एक गोल दाग कर भारत की जीत का अंतर थोड़ा कम कर दिया.

कभी हॉकी की दुनिया की बादशाह रही भारतीय टीम को ओलंपिक इतिहास में पहली बार क्वालीफ़ाइंग दौर से गुजरना पड़ रहा है.