रविवार, 09 मार्च, 2008 को 13:15 GMT तक के समाचार
भारत के टेनिस खिलाड़ी महेश भूपति और उनके जोड़ीदार मार्क नॉलेस ने दुबई टेनिस प्रतियोगिता का डबल्स ख़िताब जीत लिया है.
चौथी वरीयता प्राप्त भूपति-नॉलेस की जोड़ी ने चेक जोड़ी पावेर विज़नर और मार्टिन डैम को सीधे सेटों में 7-5, 7-6(9-7) से हराया.
मैच जीतने में भूपति-नॉलेस को एक घंटे और 48 मिनट का समय लगा. उस समय भूपति सर्विस कर रहे थे.
मुक़ाबला काँटे का था और इसका अंदाज़ा स्कोरकार्ड देखकर ही लगाया जा सकता है. पहला सेट भूपति-नॉलेस ने 7-5 से जीता तो दूसरा सेट में मुक़ाबला और भी कड़ा था.
काँटे का मुकाबला
विज़नर-डैम ने अपने प्रतिद्वंदियों के हर शॉट का बेहतरीन जबाव दिया. भूपति-नॉलेस ने दो मैच प्वाइंट गवाएँ लेकिन अंत में ग़ज़ब की क्षमता दिखाते हुए सेट 7-6( 9-7) से जीत लिया.
भूपति और उनके जोड़ीदार के लिए ये दूसरा लगातार खि़ताब है. पिछले हफ़्ते ही मेम्पिस में दोनों ने ख़िताब जीता था.
डबल्स में माहिर महेश भूपति का ये 43वां एटीपी टाइटल है.
उधर दुबई ओपन का एकल ख़िताब अमरीका के एंडी रॉडिक ने जीता.
उन्होंने फ़ाइनल में गैर वरीयता प्राप्त स्पेन के फ़ेलिसिआनो लोपेज़ को 6-7 (8-10), 6-4, 6-2 से हराया.
फ़ाइनल तक के अपने सफ़र में रॉडिक ने विश्व के नंबर दो खिलाड़ी रफ़ाएल नडाल और नोवाक जोकोविच को हराया था.