शनिवार, 08 मार्च, 2008 को 13:45 GMT तक के समाचार
पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के कोच जेफ़ लॉसन ने कहा है कि अगर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम पाकिस्तान का दौरा नहीं करती है तो इससे चरमपंथियों की जीत होगी.
जेफ़ लॉसन ऑस्ट्रेलिया के ही हैं. बीबीसी के साथ बातचीत में उन्होंने कहा, "अगर ये दौरा नहीं हुआ तो आतंकवादियों की जीत होगी."
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया फ़िलहाल पाकिस्तान में सुरक्षा स्थितियों का जायज़ा ले रहा है. इसके बाद ही वह ऑस्ट्रेलियाई टीम के पाकिस्तान दौरे पर कोई निर्णय लेगा.
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में थोड़ा फेरबदल हुआ है और इसके मुताबिक़ ऑस्ट्रेलिया की टीम को मार्च के आख़िर में पाकिस्तान दौरे पर आना है.
नुक़सान
जेफ़ लॉसन का कहना है कि अगर ये दौरा नहीं हुआ तो पाकिस्तान के सांस्कृतिक हितों को भी थोड़े समय के लिए नुक़सान पहुँच सकता है और लंबे दौर में भी कुछ असर पड़ सकता है.
पिछले साल दिसंबर में पूर्व प्रधानमंत्री बेनज़ीर भुट्टो की हत्या के बाद पाकिस्तान में सुरक्षा स्थिति पर सवाल उठाए जा रहे हैं. लॉसन ने बताया, "मैं एक ऑस्ट्रेलियाई हूँ और मुझे वहाँ की गतिविधियों की पूरी जानकारी है."
उन्होंने कहा कि वे चाहते हैं कि ऑस्ट्रेलिया की टीम पाकिस्तान का दौरा करे और इसके कई कारण हैं. इन कारणों में सिर्फ़ क्रिकेट नहीं बल्कि अन्य मुद्दे भी हैं.
जेफ़ लॉसन ने कहा कि पाकिस्तान की सही तस्वीर नहीं दिखाई जाती, यहाँ आम जनजीवन सामान्य है और इससे क्रिकेट दौरे पर कोई असर नहीं पड़ेगा.