http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 06 मार्च, 2008 को 12:37 GMT तक के समाचार

धोनी के धुरंधरों का ज़ोरदार स्वागत

विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को उसकी ही ज़मीन पर मात देने वाली भारतीय टीम का गुरुवार को दिल्ली के फ़िरोज़शाह कोटला मैदान पर ज़ोरदार अभिनंदन हुआ.

ऐतिहासिक कोटला मैदान पर 20 हज़ार से अधिक क्रिकेटप्रेमियों की मौजूदगी में महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई वाली टीम का भव्य स्वागत किया गया.

दिल्ली के उपराज्यपाल तेजेंद्र ख़न्ना ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए कप्तान धोनी के माध्यम से विजेता टीम को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया.

ईनाम 58 लाख

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने 17 सदस्यीय टीम के हर खिलाड़ी को 58-58 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी गई.

भारतीय खिलाड़ियों का शानदार स्वागत

विजेता टीम के प्रशिक्षकों और सपोर्ट स्टाफ को भी 10-10 लाख रुपये की पुरस्कार राशि से नवाज़ा गया.

बीसीसीआई के अध्यक्ष शरद पवार ने खिलाड़ियों को चेक भेंट किए. इस मौके पर तेज़ गेंदबाज़ इरफान पठान को छोड़ टीम के सभी खिलाड़ी मौजूद थे.

दिल्ली और ज़िला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) ने विश्व विजेता अंडर-19 टीम के कप्तान विराट कोहली और तेज़ गेंदबाज़ प्रदीप सांगवान को भी ढाई-ढाई लाख रुपये की ईनामी राशि दी.

इस अवसर पर कप्तान धोनी ने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई दौरा ख़ासा मुश्किल था.

उन्होंने कहा कि पूरे दौरे में मैदान और मैदान के बाहर साथी खिलाड़ियों का तालमेल बेहतरीन रहा.

उन्होंने कहा, “हमने अच्छी क्रिकेट खेली और आने वाले समय में भी हम अच्छा प्रदर्शन करने का पूरा-पूरा प्रयास करेंगे.”

अंडर-19 टीम को विश्व कप जीत के लिए सीनियर टीम की ओर से बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि वह खेल का मज़ा लें.

उन्होंने कहा, "मुझे भरोसा है कि इन खिलाड़ियों को देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका ज़रूर मिलेगा."

वतन वापसी

बीसीसीआई के अध्यक्ष शरद पवार ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया को उसकी ही धरती पर मात देना असामान्य से बात थी, लेकिन धोनी की टीम ने ये चमत्कार भी दुनिया को दिखा दिया.

उन्होंने कहा कि नये खिलाड़ियों को मौका देने से टीम की ताक़त बढ़ी है और उन्होंने खुद की प्रतिभा को साबित किया है.

इससे पूर्व, गुरुवार की सुबह ही ऑस्ट्रेलिया से मुंबई पहुंची भारतीय टीम विशेष विमान से दिल्ली पहुंची.

इसके बाद फूलों से सज़ी बस में खिलाड़ियों को इंटरकॉन्टिनेंटल होटल लाया गया. जहाँ खिलाड़ियों ने केक काटकर इस ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाया.

बीसीसीआई ने पहले योजना बनाई थी कि ऑस्ट्रेलिया में 26 साल बाद त्रिकोणीय सिरीज़ पर कब्जा करने वाली भारतीय टीम का हवाई अड्डे से कोटला मैदान तक विजय जुलूस निकाला जाए, लेकिन बाद में यह योजना रद्द कर दी गई.

ग़ौरतलब है कि पिछले साल ट्‍वेन्टी-20 विश्वकप जीतने वाली भारतीय टीम का मुंबई में विजय जुलूस निकाला गया था.

हाल ही में कुआलालंपुर में अंडर-19 विश्वकप जीतने वाली भारतीय टीम का भी बंगलौर में मंगलवार को विजय जुलूस निकाला गया था.