गुरुवार, 06 मार्च, 2008 को 19:56 GMT तक के समाचार
बीजिंग ओलंपिक हॉकी के क्वालीफ़ाइंग मुक़ाबले में ब्रिटेन ने भारत को 3-2 से हरा दिया है.
ब्रिटेन ने तीसरा और निर्णायक गोल खेल समाप्त होने से एक मिनट पहले किया और मैच अपने पक्ष में कर लिया.
चिली में चल रहे इन मुक़ाबलों में मैच शुरू होते ही वीआर रघुनाथ ने गोल दाग कर भारत को 1-0 से बढ़त दिला दी थी.
लेकिन उसके बाद ब्रिटेन के रिचर्ड मैंटेल ने गोल कर स्कोर बराबरी पर ला दिया. इसके बाद जॉन्टी क्लार्क ने ब्रिटेन को 2-1 से बढ़त दिला दी.
मैच समाप्त होने से पाँच मिनट पहले रघुनाथ ने भारत को 2-2 की बराबरी पर ला खड़ा किया. लेकिन रॉब मूरे ने मैच के अंतिम क्षणों में गोल कर ब्रिटेन को 3-2 से बढ़त दिला दी.
ब्रिटेन के हाथों हार के बावजूद अभी भारत की उम्मीदें समाप्त नहीं हुईं हैं.
भारत और ब्रिटेन की हॉकी टीमों ने अब तक तीन तीन मैच खेले थे और उन्होंने सभी में जीत हासिल की थी.
ग़ौरतलब है कि भारत आठ बार हॉकी चैंपियन रह चुका है और अब तक हुए सभी ओलंपिक खेलों में हर बार शामिल हुआ है.
छह देशों के क्वालिफाइंग मुक़ाबले के विजेता को ही बीजिंग ओलंपिक में जगह मिल पाएगी.
ओलंपिक खेलों के हॉकी मुक़ाबलों के लिए चीन, नीदरलैंड, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण कोरिया, कनाडा, दक्षिण अफ्रीका, स्पेन, बेलारूस और पाकिस्तान पहले ही क्वालिफ़ाई कर चुके हैं.