बुधवार, 27 फ़रवरी, 2008 को 12:59 GMT तक के समाचार
भारतीय ऑफ़ स्पिनर हरभजन सिंह पर टिप्पणी करने के मामले में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने सलामी बल्लेबाज़ मैथ्यू हेडन को फटकार लगाकर छोड़ दिया है.
हेडन ने ब्रिसबेन रेडियो पर हरभजन को 'अब्नॉक्शस लिटिल वीड' यानी घिनौना खर-पतवार कहा था.
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उन पर अपनी आचार संहिता की धारा-9 के उल्लंघन का आरोप लगाया था और सुनवाई के लिए रॉन बेज़ले को अपील कमिश्नर नियुक्त किया था.
मेलबर्न में सुनवाई के बाद रॉन बेज़ले ने उन्हें फटकार लगाते हुए भविष्य में ज़िम्मेदारी से पेश आने की हिदायत देकर छोड़ दिया.
इस मामले में प्रतिक्रिया जताते हुए भारतीय क्रिकेट बोर्ड के सचिव निरंजन शाह ने बीबीसी हिंदी से कहा, "जो क्रिकेट ऑस्ट्रलिया को अच्छा लगा उन्होंने किया. हम इसमें कुछ नहीं कर सकते."
उन्होंने कहा कि हमने इस मामले पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से बात की थी और अच्छी बात है कि उन्होंने इस पर संज्ञान लिया है.
निरंजन शाह ने कहा कि हमने अपने खिलाड़ियों से कहा है कि वे इस मामले में कोई प्रतिक्रिया न दें और अपना पूरा ध्यान क्रिकेट पर लगाएं।
हेडन का बयान
हेडन ने मंगलवार को ब्रिसबेन रेडियो पर हरभजन को 'अब्नॉक्शस लिटिल वीड' बताते हुए कहा था, "हरभजन से लड़ाई काफ़ी लंबी हो गई है. वो अब भी पहले की ही तरह बुरा और ग़ैर-ज़रूरी है. ठीक वैसा ही जैसे वो तब था जब मैं उससे पहली बार मिला था."
अंग्रेज़ी भाषा में वीड खेतों में फ़सल के बीच में उगने वाले घास-फूस को कहा जाता है, जिसे किसान ग़ैर-ज़रूरी मानकर खेत से निकाल देते हैं.
हेडन के बयान को गंभीरता से लेते हुए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने उन पर दूसरे खिलाड़ी की सार्वजनिक अवमानना करने का आरोप लगाया था.
क्रिकेट ऑस्ट्रलिया की आचार संहिता के मुताबिक उन खिलाड़ियों के बारे में सार्वजनिक रूप से आपत्तिजनक बयान नहीं दिए जा सकते, जिनके ख़िलाफ़ आप खेल चुके हों या फिर भविष्य में खेलने वाले हों."
पुरानी तनातनी
हेडन और हरभजन में पिछले कुछ समय से तनातनी चल रही है. रविवार को सिडनी में हुए वनडे मैच के दौरान ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की हरभजन सिंह और ईशांत शर्मा से गरमा-गरमी हुई थी.
सबसे पहले हरभजन सिंह, कप्तान रिकी पोंटिंग और मैथ्यू हेडन के बीच हल्की सी कहा-सुनी हुई थी. हरभजन ने इसकी शिकायत मैदान पर मौजूद अंपायरों को भी की थी.
भारतीय खिलाड़ियों ने आरोप लगाए थे कि हेडन ने मैदान पर हरभजन सिंह को 'मैड ब्वॉय' यानी 'पागल लड़का' कहा था.
हालांकि, हेडन ने इस बात से इनकार किया है. हेडन ने कहा कि उन्होंने हरभजन सिंह को 'पागल लड़का' नहीं बल्कि, 'बैड ब्वॉय' यानी 'बुरा लड़का' कहा था.
इससे पहले सिडनी टेस्ट में जब हरभजन सिंह पर आरोप लगे थे कि उन्होंने एंड्र्यू साइमंड्स पर नस्लभेदी टिप्पणी की थी तब हेडन ने इस साइमंड्स के गवाह की भूमिका निभाई थी और हरभजन के ख़िलाफ़ बयान दिया था.