http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 25 फ़रवरी, 2008 को 02:49 GMT तक के समाचार

इशांत शर्मा पर जुर्माना लगा

सिडनी वनडे में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी एंड्र्यू साइमंड्स को बोल्ड करने के बाद उन्हें पैवेलियन जाने का इशारा करने के आरोप में इशांत शर्मा पर जुर्माना लगा है.

मैच रेफरी जेजे क्रोव ने इशांत शर्मा को आचार संहिता का उल्लंघन करने का दोषी पाया है और उन पर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया है.

बढ़िया बल्लेबाज़ी कर रहे साइमंड्स को बोल्ड करने के बाद साइमंड्स और इशांत के बीच कुछ बहस हुई और टेलीविज़न रिप्ले में ये दिखाया गया कि ईशांत उंगली दिखा कर उन्हें पैवेलियन की ओर जाने का इशारा कर रहे हैं.

हालाँकि ये स्पष्ट नहीं है कि आउट होने के बाद साइमंड्स ने ही पहले कुछ कहा या ईशांत ने.

स्थिति बिगड़ती देख दोनों अंपायरों ने भारतीय टीम को बुलाकर उन्हें शांत किया.

इस दौरान अंपायर डेरेल हार्पर ने धोनी और टीम के अन्य खिलाड़ियों से बात की.

पोंटिंग ने की शिकायत

मैदान पर जब ये घटना हुई थी तब मामला रफ़ा-दफ़ा हो गया था लेकिन ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग बाद में इस मामले को मैच रेफ़री तक ले गए.

मैच के बाद पत्रकारों से बातचीत में भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने बताया कि उन्होंने इशांत शर्मा को 'शांत' रहने के लिए कहा था.

दूसरी ओर ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग का कहना था,'' आज थोड़ी कहासुनी हुई थी और मेरा मानना है कि हमें इसे तूल नहीं देना चाहिए.''

ग़ौरतलब है कि सिडनी वनडे में अंत तक संघर्ष करने के बावजूद भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया से 18 रनों से हार गई थी.

ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर साइमंड्स और भारतीय खिलाड़ियों के बीच कई बार कहासुनी हो चुकी है.

टेस्ट सिरीज़ के दौरान एंड्र्यू साइमंड्स और हरभजन सिंह के बीच विवाद उठ खड़ा हुआ था.

उस दौरान साइमंड्स ने आरोप लगाया था कि हरभजन ने उनके ख़िलाफ़ नस्लवादी टिप्पणी की थी.