http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 16 फ़रवरी, 2008 को 06:48 GMT तक के समाचार

भारत के ख़िलाफ़ नहीं खेलेंगे ब्रेट ली

ब्रेट ली पर बढ़ते बोझ से चिंतित ऑस्ट्रेलियाई टीम प्रबंधन ने उन्हें भारत के ख़िलाफ़ एडिलेड में होने वाले मैच में आराम देने का फ़ैसला किया है.

एडिलेड में रविवार को होने वाले मुक़ाबले में नहीं खेलने से ब्रेट ली को लगभग एक हफ़्ते का आराम मिल जाएगा.

इसके बाद ऑस्ट्रेलिया का अगला मुक़ाबला 22 फ़रवरी को मेलबोर्न में श्रीलंका के ख़िलाफ़ होगा.

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अपने बयान में कहा है, "ब्रेट ली टीम के साथ एडिलेड नहीं जाएंगे."

ब्रेट ली टखने की चोट से उबरने के बाद लगातार क्रिकेट खेल रहे हैं और कॉमनवेल्थ बैंक त्रिकोणीय क्रिकेट सिरीज़ में भी ज़बर्दस्त फ़ॉर्म में हैं.

उन्होंने अब तक 19 की औसत से चार मैचों में आठ विकेट लिए हैं.

ग्लेन मैकग्रा के रिटायर होने के बाद ऑस्ट्रेलिया तेज़ गेंदबाज़ी की बाग़डोर ब्रेट ली के कंधे पर आ गई है.

ली के नहीं खेलने से उन युवा भारतीय बल्लेबाज़ों को फ़ायदा होगा जिन्हें वे अपनी तेज़ रफ़्तार गेंदों से परेशान करते रहे हैं.

भारत ने ऑस्ट्रेलिया को मेलबोर्न वडने में पाँच विकेट से हरा दिया था.