गुरुवार, 31 जनवरी, 2008 को 02:18 GMT तक के समाचार
तेज़ गेंदबाज़ मुनाफ़ पटेल को ऑस्ट्रेलिया में होने वाली त्रिकोणीय वनडे सिरीज़ के लिए टीम में शामिल किया गया है. वो आरपी सिंह की जगह लेंगे.
आरपी सिंह अनफिट हैं. उन्हें एडिलेड टेस्ट के दौरान गेंदबाज़ी करते समय चोट लगी थी.
डॉक्टरों का कहना है कि उनकी मांसपेशियों में खिंचाव आ गया है और वो तीन हफ़्तों तक नहीं खेल सकेंगे.
चयन समिति के अध्यक्ष दिलीप वेंगसरकर ने कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और टीम मैनेजर चेतन चौहान से बातचीत करने के बाद मुनाफ़ को ऑस्ट्रेलिया भेजने का फैसला किया.
बीसीसीआई ने अपने बयान में कहा है कि युवराज सिंह के भी घुटने में चोट है.
इसके कारण वो ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ एकमात्र टी-20 मैच और सिरीज़ का पहला मैच नहीं खेल पाएंगे.
लेकिन दूसरे वनडे मैच तक उनके फिट हो जाने की संभावना जताई गई है.
अगर युवराज सिंह फिट नहीं होते हैं तो युवा खिलाड़ी मनोज तिवारी को टीम में जगह दी जाएगी.
त्रिकोणीय सिरीज़ तीन फरवरी से शुरू हो रही है. इसमें भारत और ऑस्ट्रेलिया के अलावा श्रीलंका की टीम भी हिस्सा लेगी.