http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 25 जनवरी, 2008 को 14:32 GMT तक के समाचार

फ़ेडरर को हराकर फ़ाइनल में योकोविच

दुनिया के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी रॉजर फ़ेडरर अब ऑस्ट्रेलियन ओपन की ख़िताबी दौड़ से बाहर हो गए हैं.

उन्हें दुनिया के तीसरे नंबर के खिलाड़ी नोवाक योकोविच ने सेमीफ़ाइनल मुक़ाबले में 7-5, 6-3, 7-6 (7-5) से हरा दिया.

शुरूआती दौर में फ़ेडरर को सर्विस ब्रेक मिला लेकिन धीरे-धीरे वो मौका उनके हाथ से छूट गया और बाद में योकोविच मैच में हावी हो गए.

तीसरे सेट में फ़ेडरर जीतते नज़र आ रहे थे लेकिन योकोविच ने उन्हें कोई मौक़ा नहीं दिया. वर्ष 2005 के बाद से पहली बार ऐसा हुआ है फ़ेडरर फ़ाइनल तक पहुँचने में नाकाम रहे.

फ़ेडरर इस बार अपने लगातार 11वें ग्रैंड स्लैम ख़िताब के लिए खेल रहे थे और अगर वो जीतते तो ये पीट सम्प्रास के 13 ख़िताब के रिकार्ड की ओर एक और क़दम होता लेकिन फ़िलहाल फ़ेडरर नाकाम रहे हैं.

ऐसा ही कुछ गुरूवार को हुआ था जब फ्रांस के 22 वर्षीय ग़ैर वरीयता प्राप्त खिलाड़ी जो विल्फ़्रेड सोंगा ने दुनिया के नंबर दो खिलाड़ी राफ़ाएल नडाल को 6-2, 6-3, 6-2 से हरा कर आस्ट्रेलियन ओपन के फ़ाइनल में प्रवेश किया.

2005 के बाद ऐसा पहली बार हो रहा है जब ग्रैंड स्लैम के फ़ाइनल में न तो नंबर फ़ेडरर औऱ न ही नंबर 2 खिलाड़ी राफ़ेल नडाल खेल रहे हैं.

रविवार को फ़ाइनल मुक़ाबला योकोविच ओर पूरे टूर्नामेंट में खलबली मचा देने वाले खिलाड़ी जो वेल्फ़्रेड सोंगा के बीच खेला जाएगा.