http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 22 जनवरी, 2008 को 18:59 GMT तक के समाचार

धोनी ने टीम में मतभेद से इनकार किया

भारत के वनडे कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने कहा है कि सौरभ गांगुली को त्रिकोणीय सिरीज़ के लिए चुनी गई टीम से बाहर करने का टीम पर कोई असर नहीं पड़ा है.

उन्होंने इस बात से इनकार किया कि गांगुली को वनडे टीम में नहीं रखने के बाद ड्रेसिंग रूम में किसी तरह के मतभेद हैं.

ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ चौथे टेस्ट से ठीक पहले चयनकर्ताओं के इस फ़ैसले से टीम की तैयारियों पर क्या असर पड़ा है, ये पूछे जाने पर धोनी थोड़े असहज हो गए.

उनका कहना था, 'मुझे लगता है कि हम से ज़्यादा पत्रकार प्रभावित हुए है. हम अभ्यास सत्र में भाग ले रहे हैं. हम पर किसी भी प्रकार का प्रभाव नहीं पड़ा है."

उन्होंने गांगुली के बारे में पूछे गए सवालों से बचते हुए कहा कि फिलहाल टीम की प्राथमिकता एडिलेड टेस्ट है.

धोनी ने इस बात पर ज़ोर दिया कि कप्तान और खिलाड़ियों के बीच लगातार बातचीत होती रहनी चाहिए.

उन्होंने कहा, "कप्तान कुंबले इस बात पर ज़ोर देते है कि टीम के खिलाड़ियों की आपस में काफी बातचीत हो और अगर कोई टीम में नहीं चुना जा रहा है तो इतना साहस तो होना चाहिए कि उसे जाकर यह बात बताई जा सके."