http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 19 जनवरी, 2008 को 12:49 GMT तक के समाचार

वीनस से हारीं सानिया मिर्ज़ा

भारत की टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्ज़ा ऑस्ट्रेलियाई ओपन के एकल मुकाबले से बाहर हो गई हैं.

तीसरे दौर के मैच में सानिया मिर्ज़ा अमरीका की वीनस विलियम्स से 7-6(7-0), 6-4 से हार गईं.

वीनस अब ऑस्ट्रेलियाई ओपन के चौथे दौर में पहुँच गई हैं.

वीनस ये मैच जीत ज़रूर गईं लेकिन जीत उन्हें आसानी से नसीब नहीं हुई.

सानिया ने दी टक्कर

31 वीं वरीयता प्राप्त सानिया ने आठवीं वरीयता प्राप्त वीनस को पूरी टक्कर दी.

प्रतियोगिता में वीनस का अब तक का सबसे कड़ा मुकाबला था. पहले सेट में सानिया ने ज़बरदस्त प्रदर्शन किया लेकिन आख़िरकर 7-6 से सेट हार गईं.

वे टाईब्रेक में 7-0 से हारीं. दूसरे सेट में एक समय वीनस और सानिया 3-3 से बराबर थीं लेकिन फिर वीनस ने 4-3 से बढ़त बनाई और इस बढ़त को अंत तक बनाए रखा.

वीनस ने मैच 6-4 से जीत लिया.

सानिया मिर्ज़ा ऑस्ट्रेलियन ओपन में कभी तीसरे दौर से आगे नहीं पहुँच पाई हैं जबकि वीनस 2003 में एक बार फ़ाइनल तक गई थीं.

अगले दौर में वीनस का मुकाबला चीन की ली ना या पोलैंड की मार्टा डोमाचोस्का से होगा.

वीनस विलियम्स फ़्रांस की कैमिले पिन को 7-5, 6-4 से हराकर तीसरे दौर में पहुँची थी. जबकि सानिया ने दूसरे दौर में स्विटज़रलैंड की टिमिया बासिंज़की को हराकर तीसरे दौर में प्रवेश किया था.