मंगलवार, 15 जनवरी, 2008 को 09:34 GMT तक के समाचार
भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्ज़ा ने ऑस्ट्रेलियाई ओपन के पहले दौर में उज़बेकिस्तान की इरोडा तुल्यागानोवा को हराकर दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया है.
सानिया को ऑस्ट्रेलियन ओपन में 31 वीं वरीयता मिली हुई है और अब दूसरे दौर में उनकी भिड़ंत ऑस्ट्रेलिया की सोफी फर्गुसन या स्विटज़रलैंड की टिमिया बासिंज़की से होगी.
सोफी और टिमिया में जो जीतेगा उसका मुक़ाबला सानिया से होगा.
21 वर्षीय सानिया मिर्ज़ा पिछले कुछ समय से चोटों और विवादों के घेरे में रही हैं और इसका प्रभाव उनके मैच पर भी देखने को मिला.
हालांकि सानिया ने तुल्यागानोवा को 6-4,6-2 से हरा दिया लेकिन दो बार ब्रेक प्वाइंट भी गंवाया.
इतना ही नहीं पहले मैच में सानिया ने 11 ग़लतियां ( अनफोर्स्ड एरर) भी कीं.
सानिया और इरोडा के बीच पहला सेट 40 मिनट चला लेकिन दूसरे सेट में सानिया ने अच्छे खेल का प्रदर्शन किया.
उनकी सर्विस अच्छी रही और दूसरे सेट में उन्होंने कम ही अंक गंवाए.
अगर सानिया अपना दूसरा राउंड जीत लेती है तो तीसरे राउंड में उनका मुक़ाबला अमरीकी खिलाड़ी वीनस विलियम्स से हो सकता है जिन्हें प्रतियोगिता में आठवीं वरीयता मिली हुई है.