सोमवार, 14 जनवरी, 2008 को 19:46 GMT तक के समाचार
एंड्र्यू साइमंड्स पर हरभजन सिंह की कथित नस्लवादी टिप्पणी के मामले में सुनवाई 29 और 30 जनवरी को यानी चौथे और अंतिम एडिलेड टेस्ट के बाद होगी.
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के इस फ़ैसले का मतलब है कि हरभजन अंतिम दोनों टेस्ट मैच खेल सकेंगे.
आईसीसी प्रमुख मैल्कम स्पीड का कहना था कि हम इस अपील की सुनवाई जल्दी चाहते थे लेकिन ये संभव नहीं था.
उनका कहना था,'' ये सुनवाई दो दिन चलने की उम्मीद है क्योंकि इसमें वकील भी शामिल हैं इसलिए हमें दो पूरे दिन चाहिए थे.''
स्पीड ने बताया कि तीसरे और चौथे टेस्ट के बीच केवल तीन दिन हैं और हम जानते हैं कि टीम को यात्रा करनी है, साथ ही मैच की तैयारी भी करनी है.
ग़ौरतलब है कि मैच रेफ़री माइक प्रोक्टर ने सुनवाई के बाद हरभजन पर तीन मैचों के लिए प्रतिबंध लगा दिया था.
इसके बाद बड़ा विवाद उठ खड़ा हुआ था और बीसीसीआई ने कड़ा रुख़ अपनाया था.
बीसीसीआई ने खिलाड़ियों को सिडनी में ही रुकने को कहा था और एक समय ऐसा लगा था कि भारत का ऑस्ट्रेलिया दौरा रद्द हो सकता है.
ख़राब अंपायरिंग की शिकायत के बाद आईसीसी ने स्टीव बकनर को पर्थ टेस्ट से बाहर कर दिया था जिसके बाद बीसीसीआई का रुख़ थोड़ा नरम हुआ.
इसके बावजूद भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने हरभजन पर लगी पाबंदी को गंभीरता से लिया था.
अब हरभजन सिंह ने इस पाबंदी के ख़िलाफ़ अपील की है और इसकी सुनवाई के लिए न्यूज़ीलैंड के जॉन हेंसन को नियुक्त किया गया है.