शुक्रवार, 11 जनवरी, 2008 को 08:23 GMT तक के समाचार
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान रिकी पोंटिंग भारत के साथ टेस्ट सिरीज़ में उठे विवादो को भुलाकर 16 जनवरी से शुरू हो रहे पर्थ टेस्ट में एक नई शुरुआत करना चाहतें हैं.
ऐसी उम्मीद है कि तीसरे टेस्ट से पहले रिकी पोंटिंग भारतीय कप्तान अनिल कुंबले से मिलेंगें.
इस मुलाक़ात के ज़रिए दोनो पक्ष ये सुनिश्चित कर लेना चाहते है कि अगला मैच सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में खेला जाए.
रिकी पोंटिंग ने कहा कि वो पुरानी बातो को भुलाना चाहते हैं और सिरीज़ में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहतें हैं.
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने कहा कि वो ख़ुद मानते है कि पिछले टेस्ट मैच में उन्होंने जो व्यवहार किया उसे वो भविष्य में बदलना चाहेंगें.
'थोड़े बदलाव की ज़रूरत'
ऑस्ट्रेलिया के चैनल नाइन को दिए साक्षात्कार में 33 वर्षीय पोंटिंग ने कहा कि हम सब सिडनी टेस्ट के कुछ कड़वे क्षणों को बदलना चाहेंगें.
हालांकि रिकी पोंटिंग ने कहा, "ऑस्ट्रेलियाई टीम के व्यवहार में बड़े पैमाने पर बदलाव की ज़रूरत नहीं है लेकिन कुछ बातें ऐसी हैं जिन्हें मैं नहीं चाहूंगा कि वो फिर से हों. जैसे मुझे आउट होने पर क्रीज़ जल्दी छोड़ देना चाहिए थी या फिर उस समय मुझे वैसी प्रतिक्रिया नहीं देनी चाहिए थी."
तीसरे टेस्ट में स्टीव बकनर के स्थान पर बिली बाउडन अंपायरिंग करेंगें. भारत के आग्रह पर स्टीव बकनर को हटा दिया गया था.
सिडनी टेस्ट में बकनर की अंपायरिंग से भारतीय टीम ख़ुश नहीं थी और उसने अपना विरोध आईसीसी के सामने दर्ज कराया था.
पर्थ टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलिया ने अपनी टीम फ़िलहाल कोई बदलाव नहीं किया है लेकिन सलामी बल्लेबाज़ मैथ्यू हेडन का खेलना संदिग्ध लग रहा है.
मैथ्यू हेडन मांसपेशियों में खिंचाव की समस्या से जूझ रहें हैं और मैच से पहले उनकी फ़िटनेस पर नज़र रखी जा रही है.
कथित रूप से भड़काऊ टिप्पणी के मामले में ब्रैड हॉग का भी नाम सामने आया था लेकिन अगर ऑस्ट्रेलिया चार तेज़ गेंदबाज़ो के साथ टेस्ट में उतरने का मन बनाती है तो फिर उनका मैच में खेलना नामुमक़िन हो जाएगा.
ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सिरीज़ में 2-0 से आगे है लेकिन सिडनी टेस्ट मैच ख़राब अंपायरिंग और हरभजन सिंह की कथित नस्लभेदी टिप्पणी के कारण विवादो से घिरा रहा था.