http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 08 जनवरी, 2008 को 00:15 GMT तक के समाचार

बीसीसीआई की बैठक में होगा अंतिम फ़ैसला

भारतीय क्रिकेट टीम के ऑस्ट्रेलिया दौरे को लेकर अंतिम फ़ैसला मंगलवार की शाम दिल्ली में होने वाली भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की अहम बैठक में होगा.

बीसीसीआई को उम्मीद है तब तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) से की गई उसकी अपील पर कोई फ़ैसला आ जाएगा.

इस बीच बीसीसीआई ने टीम इंडिया को दौरा जारी रखने के बजाय सिडनी में रोकने का फ़ैसला किया है.

बीसीसीआई की मुख्य रुप से दो माँगें हैं. एक तो यह कि कथित नस्लभेदी टिप्पणी के लिए हरभजन सिंह पर की गई कार्रवाई को अंतिम फ़ैसले तक स्थगित रखा जाए.

बीसीसीआई का कहना है कि हरभजन सिंह पर पाबंदी ग़लत ढंग से लगाई गई है और यह फ़ैसला एकतरफ़ा है.

और दूसरा यह कि दूसरे टेस्ट मैच में विवादित फ़ैसले देने वाले अंपायर बकनर को तीसरे टेस्ट मैच से हटा लिया जाए.

दौरा अधर में

बीसीसीआई ने एक बयान में कहा है कि हरभजन पर पाबंदी के मामले में अपील की कार्रवाई पूरी होने तक टीम सिडनी में ही रुकी रहेगी.

सोमवार की भारतीय क्रिकेट टीम को अगले टेस्ट मैच के लिए कैनबरा रवाना होना था.

बीसीसीआई ने स्पष्ट किया है कि 'हरभजन पर तीन मैचों के लिए पाबंदी अनुचित है और उसे यह स्वीकार नहीं है.'

साथ ही यह भी कहा है कि उसने पाबंदी लगाने के मैच रेफ़री के फ़ैसले के ख़िलाफ़ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) से अपील की है.

हरभजन सिंह पर यह आरोप लगा था कि उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी एंड्रयू साइमंड्स के ख़िलाफ़ नस्लवादी टिप्पणी की है.

इसके बाद हरभजन सिंह पर तीन टेस्ट मैचों के लिए प्रतिबंध लगा दिया गया था.

हालांकि हरभजन सिंह का कहना है कि उनपर लगा यह आरोप ग़लत है और उन्होंने कोई नस्लवादी टिप्पणी नहीं की.

बीसीसीआई अध्यक्ष शरद पवार ने इस संबंध में दिल्ली में एक बैठक बुलाई थी.

बैठक के बाद बीसीसीई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा था कि बीसीसीआई अंतरराष्ट्रीय खेल परिषद से अनुरोध करेगा कि जब तक इस अपील पर फ़ैसला नहीं हो जाता तब तक हरभजन पर पाबंदी संबंधी आदेश रोक दिया जाए.

राजीव शुक्ला का कहना था कि बीसीसीआई ने दोनों अंपायरों स्टीव बकनर और मार्क बेन्सन के ख़िलाफ़ आईसीसी को चिट्ठी लिखी है और अनुरोध किया है कि भारतीय मैचों के दौरान इन दोनों को अंपायरिंग की ज़िम्मेदारी न सौंपी जाए.

भारत ने आईसीसी से अंपायरों को लेकर भी अपनी शिकायत की है.

सिडनी में बीबीसी के संवाददाता निक ब्रायंट का कहना है कि आईसीसी के सामने दो ऐसी टीमों का विवाद है जो दो अलग-अलग मामलों में दुनिया की नंबर वन टीमें हैं.

ऑस्ट्रेलियाई टीम के पास उनका अपना अच्छा खेल है तो भारतीय टीम के पास अथाह पैसा है.

आंकड़े बताते हैं कि आईसीसी को होने वाली आय का 70 प्रतिशत भारत में खेले जाने वाले क्रिकेट के कारण आता है और ख़ुद बीसीसीआई दुनिया का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड है.