रविवार, 30 दिसंबर, 2007 को 18:35 GMT तक के समाचार
भारतीय क्रिकेट टीम के मैनेजर लालचंद राजपूत ने कहा है कि पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ अभी ख़राब दौर से गुज़र रहे हैं और उन्हें पूरा भरोसा है कि वे वापसी करेंगे.
मेलबोर्न में हुए पहले टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 337 रनों के विशाल अंतर से मात दी थी. इस टेस्ट में राहुल द्रविड़ ने सलामी बल्लेबाज़ की भूमिका निभाई और दोनों पारियों में भारत की शुरुआत काफ़ी ख़राब रही.
बल्लेबाज़ी में भारत के ख़राब प्रदर्शन को उसकी ख़राब शुरुआत से जोड़कर देखा जा रहा है. राहुल द्रविड़ इतना दबाव में खेले कि दोनों पारियाँ मिलाकर वे क़रीब चार घंटे पिच पर रहे और सिर्फ़ 21 रन ही बना पाए.
लालचंद राजपूत का कहना है कि सलामी बल्लेबाज़ के रूप में राहुल द्रविड़ की नाकामी का मतलब ये नहीं है कि उनसे दूसरे टेस्ट में पारी की शुरुआत करने को ना कहा जाए.
फ़ैसला
उन्होंने कहा, "द्रविड़ से पारी की शुरुआत कराने का फ़ैसला टीम प्रबंधन का था. जब हम किसी देश के दौरे पर जाते हैं तो हम ये देखने की कोशिश करते हैं कि टीम के हित में क्या है."
राजपूत ने कहा कि द्रविड़ के सामने कोई तकनीकी समस्या नहीं है. समस्या सिर्फ़ मानसिक है. उन्होंने उम्मीद जताई कि राहुल द्रविड़ शानदार वापसी करेंगे.
मेलबोर्न टेस्ट में भारत की हार के लिए बल्लेबाज़ों को ही ज़िम्मेदार ठहराया जा रहा है. पहली पारी में भारत ने 196 रन बनाए तो दूसरी पारी में टीम सिर्फ़ 161 रन पर आउट हो गई.
लेकिन लालचंद राजपूत का कहना है कि टीम प्रबंधन को टीम के अनुभवी बल्लेबाज़ों पर पूरा भरोसा है. उन्होंने कहा, "यह वही टीम है जिसने वेस्टइंडीज़, इंग्लैंड और घरेलू सिरीज़ में अच्छा प्रदर्शन किया है. मुझे पूरा भरोसा है कि खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से सिरीज़ में वापसी करेंगे."
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अभी तीन और टेस्ट मैच होने हैं. दूसरा टेस्ट मैच दो जनवरी से सिडनी में खेला जाएगा. तीसरा टेस्ट 16 जनवरी से पर्थ में और तीसरा टेस्ट मैच 24 जनवरी से एडीलेड में खेला जाएगा.