शुक्रवार, 21 दिसंबर, 2007 को 19:56 GMT तक के समाचार
ऑस्ट्रेलिया के महान लेग स्पिनर शेन वार्न का मानना है कि मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर में अभी भी काफ़ी दम बाक़ी है.
वार्न ने कहा कि उन्हें लगता है कि सचिन ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ सिरीज़ में काफी रन बनायेंगे. इसके साथ ही उन्होंने ऑस्ट्रेलिया टीम को चेतावनी दी कि अगर वो इस ‘महान’ खिलाड़ी के खेल को समाप्त मानते हैं तो ऐसा वो अपने जोखिम पर करेंगे.
उन्होंने कहा, “ मैं नहीं मानता कि क्योंकि सचिन की उम्र बढ़ रही है तो उनकी बल्लेबाजी समाप्त हो चुकी है. मेलबॉर्न, सिडनी और एडीलेड में फ्लैट पिचों की संभावना को देखते हुए मुझे उम्मीद है कि सचिन बहुत रन बनाएंगे.”
वार्न ने कहा, “ इसमे भी कोई शक नहीं है कि वे कुछ अविश्वसनीय और साँसों को रोक देने वाली पारियाँ खेलेंगे.”
महान बल्लेबाज़
तेंदुलकर को वर्तमान समय का सबसे महान बल्लेबाज़ बताते हुए वार्न ने ऑस्ट्रेलिया को उन्हें हल्का नहीं लेने की चेतावनी दी.
वार्न ने कहा, “ मैंने जितने बल्लेबाज़ों के ख़िलाफ़ खेला है उन सभी में से तेंदुलकर सबसे महान हैं. आप एक महान खिलाड़ी को कभी समाप्त नहीं मान सकते.”
उन्होंने इसके साथ ही भारतीय कप्तान अनिल कुंबले को वर्तमान समय के सबसे जुझारू खिलाड़ियों में से एक बताया.
वार्न ने अपने शानदार अंतरराष्ट्रीय कैरियर में 708 विकेट लिए थे. उन्होंने 2006-07 की एशेज सिरीज़ के बाद संन्यास ले लिया था.